युवती से शादी करने के लिए जिद पर अड़ी लड़की, परिवार के लोगों ने मना किया तो चढ़ गई हाई वोल्टेज तार के टॉवर पर
- by Manjesh Kumar
- 09-Jul-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: बिहार में इन दिनों विभिन्न मांगों खास कर प्रेम प्रसंग के मामले ले कर मोबाइल टॉवर और बिजली पोल पर चढ़ने की काफी खबरें सामने आ रही है। ऐसा ही एक मामला गुरुवार को फिर सामने आया मुजफ्फरपुर में जहां एक युवती हाई वोल्टेज टॉवर पर चढ़ गई। इस मामले में एक खास बात यह है कि युवती का प्रेम प्रसंग किसी युवक के साथ नहीं बल्कि एक अन्य युवती के साथ है। युवती के पोल पर चढ़ने की खबर के बाद इलाके के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोग बार बार युवती को नीचे आने के लिए कह रहे थे लेकिन वह मानने के लिए तैयार नहीं थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और करीब चार घंटे तक चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद अधिकारियों की सूझबूझ और समझाइश से युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। युवती के चढ़ने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सुबह करीब 9:30 बजे इसकी सूचना साहेबगंज थाना को दी गई। सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और युवती के पिता को बुलाकर उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर एवं अंचलाधिकारी साहेबगंज पिंकी राय भी मौके पर पहुंचीं।
उन्होंने युवती और उसके पिता से बातचीत कर पूरी स्थिति को समझा। युवती के पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी एक युवती से प्रेम करती है और उसी से विवाह करने की जिद पर अड़ी है। परिवार ने पिछले वर्ष उसकी शादी कहीं और तय करने का प्रयास किया था, लेकिन उसने साफ इनकार कर दिया था। उसका कहना था कि वह केवल उसी युवती से शादी करेगी, जिससे वह प्रेम करती है।


Post a comment