मोबाइल चोरी के विरुद्ध कटिहार पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, एक चोर को दबोचा, 22 मोबाइल बरामद
- by Manjesh Kumar
- 06-May-2026
- Views
कटिहार: बिहार में इन दिनों आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार चोर से पूछताछ के आधार पर उसके घर से 22 मोबाइल फोन बरामद किया है। बताया जा रहा है कि बीते कई दिनों से आजमनगर बाजार, विशेषकर बुधवारी हटिया सहित बाजारों में लगातार मोबाइल चोरी की घटनाएं सामने आ रही थीं, जिससे आम लोगों में दहशत का माहौल था। इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आजमनगर पुलिस की एक विशेष टीम लगातार निगरानी कर रही थी।
मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आजमनगर दक्षिण टोला गांव में छापेमारी कर गिरोह के एक सदस्य मोहम्मद अरमान अली को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके घर से 22 चोरी के मोबाइल बरामद किए गए। थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को बुधवार सुबह करीब 10 बजे न्यायिक हिरासत में कटिहार भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान में जुटी है। शेष अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।


Post a comment