गया जी में पासपोर्ट बनाने की इक्षा रखने वाले लोगों के लिए बड़ी खबर, इन दो जगहों पर लगाया जा रहा है शिविर
- by Manjesh Kumar
- 08-Sep-2026
- Views
गया जी: पासपोर्ट सेवाओं को अधिक सुलभ एवं नागरिक-अनुकूल बनाने के अपने निरंतर प्रयासों के तहत पटना क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय द्वारा गया जिले में दो स्थानों पर पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर आयोजित किए जाएंगे। पहला शिविर बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति में 21 से 22 सितंबर तक तथा दूसरा शिविर शेरघाटी अनुमंडल कार्यालय परिसर में 23 से 25 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा। यह पहल विदेश मंत्रालय के प्रमुख जनसंपर्क कार्यक्रम “पासपोर्ट सेवा – आपके द्वार” का हिस्सा है। इसका उद्देश्य पासपोर्ट सेवाओं को नागरिकों के और करीब पहुंचाना तथा विकसित भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप सार्वजनिक सेवाओं तक आसान पहुंच को बढ़ावा देना है।
जानकारी के अनुसार डाकघर पासपोर्ट सेवा केंद्र, गया में बड़ी संख्या में पासपोर्ट आवेदन प्राप्त होने के कारण पासपोर्ट सेवा वितरण व्यवस्था को और मजबूत करने तथा आवेदकों को अधिक सुविधा प्रदान करने के लिए ये विशेष पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिला प्रशासन के सक्रिय सहयोग से आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य गया जिले एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों की बढ़ती मांग को पूरा करना तथा उन्हें समयबद्ध और सुलभ पासपोर्ट सेवा उपलब्ध कराना है। गया में पासपोर्ट सेवाओं की बढ़ती मांग नागरिकों को अधिक सुगम सेवा उपलब्ध कराने की आवश्यकता को दर्शाती है। प्राप्त पासपोर्ट आवेदनों की संख्या वर्ष 2021 में 7,518 थी, जो वर्ष 2025 में बढ़कर 13,193 हो गई। इस प्रकार इसमें 75.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। इसी अवधि में संसाधित किए गए आवेदनों की संख्या 6,988 से बढ़कर 12,380 हो गई, जो 77.2 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है। बोधगया और शेरघाटी में आयोजित किए जाने वाले ये शिविर इस बढ़ती मांग को पूरा करने में सहायता करेंगे तथा क्षेत्र के आवेदकों को उनके निकट पासपोर्ट संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराएंगे।
बोधगया और शेरघाटी में आयोजित किए जाने वाले ये पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर अप्रैल 2024 से बिहार में क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय द्वारा आयोजित किया जाने वाला 21वां ऐसा शिविर होगा। यह गया जिले में इस प्रकार का दूसरा शिविर है। इससे पहले वर्ष 2024 में भारतीय प्रबंधन संस्थान, बोधगया में ऐसा शिविर आयोजित किया गया था। राज्य के विभिन्न जिलों एवं संस्थानों में आयोजित इन शिविरों के माध्यम से अब तक लगभग 3,000 आवेदक अपने निवास स्थान के निकट सुलभ पासपोर्ट सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं। बोधगया में पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविर का संयुक्त उद्घाटन 21 सितंबर को जिलाधिकारी शशांक शुभंकर तथा क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी स्वधा रिज़वी द्वारा किया जाएगा। उद्घाटन के साथ ही बोधगया में दो दिवसीय शिविर की शुरुआत होगी। इसके बाद 23 से 25 सितंबर तक शेरघाटी में तीन दिवसीय शिविर आयोजित किया जाएगा। बोधगया और शेरघाटी में आयोजित किए जाने वाले पासपोर्ट सेवा मोबाइल वैन शिविरों के लिए अपॉइंटमेंट पासपोर्ट सेवा पोर्टल पर जारी कर दी गई हैं। पांच दिवसीय शिविर के लिए कुल 275 अपॉइंटमेंट स्लॉट जारी किए गए हैं। प्रतिदिन 55 स्लॉट उपलब्ध होंगे। इनमें बोधगया में 21 से 22 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले दो दिवसीय शिविर के लिए 110 स्लॉट तथा शेरघाटी में 23 से 25 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय शिविर के लिए 165 स्लॉट निर्धारित किए गए हैं।
इस सुविधा का लाभ उठाने के इच्छुक आवेदक पासपोर्ट सेवा पोर्टल www.passportindia.gov.in पर जाकर बोधगया या शेरघाटी को अपनी पसंदीदा अपॉइंटमेंट स्थान के रूप में चुनकर अपना अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। आवेदकों को सलाह दी जाती है कि वे अपॉइंटमेंट केवल पासपोर्ट सेवा पोर्टल के माध्यम से ही बुक करें तथा शिविर में जाने से पहले सभी अनिवार्य दस्तावेज पूरे रखें। सुचारु एवं प्रभावी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए आवेदकों से यह भी अनुरोध है कि वे अपने अपॉइंटमेंट की पुष्टि में दिए गए समय स्लॉट के अनुसार निर्धारित स्थल पर उपस्थित हों। विदेश मंत्रालय द्वारा 1 जुलाई से प्रभावी संशोधित पासपोर्ट आवेदन शुल्क इन शिविरों के दौरान जमा किए जाने वाले सभी आवेदनों पर लागू होगा। आवेदकों को सलाह दी जाती है कि आवेदन जमा करने से पहले लागू शुल्क एवं पात्रता संबंधी सभी आवश्यकताओं की पुष्टि कर लें। विदेश मंत्रालय तकनीक-सक्षम पहलों के माध्यम से पासपोर्ट सेवा वितरण व्यवस्था को लगातार आधुनिक बना रहा है, ताकि आवेदन प्रक्रिया को अधिक सरल, तेज और सुरक्षित बनाया जा सके। आवेदकों को सलाह दी जाती है कि जहां भी लागू हो, वे डिजिलॉकर का उपयोग पात्र दस्तावेजों को सुरक्षित रूप से जमा करने एवं सत्यापन के लिए करें। इससे भौतिक दस्तावेजों पर निर्भरता कम होगी और आवेदन प्रक्रिया को अधिक तेजी से पूरा करने में सहायता मिलेगी।


Post a comment