पत्रकारों पर हमला कतई बर्दाश्त नहीं,आशीष गोस्वामी ने कहा 'आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई हो अन्यथा...'
- by Manjesh Kumar
- 08-Sep-2026
- Views
मेडिकल कॉलेज में पत्रकारों से कथित मारपीट पर भड़के विश्व हिंदू युवा वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी, दोषियों पर कार्रवाई नहीं तो स्वास्थ्य मंत्री से मिलकर सौंपेंगे ज्ञापन। कहा पत्रकारों पर हमला लोकतंत्र की आवाज दबाने का प्रयास, 72 घंटे की मियाद बीती फिर भी कार्रवाई नहीं; अब चुप बैठने का सवाल ही नहीं
पूर्णिया: पूर्णिया मेडिकल कॉलेज में पत्रकारों के साथ कथित मारपीट की घटना को लेकर जिले के पत्रकारों, सामाजिक लोगों एवं धार्मिक संगठनों में जबरदस्त आक्रोश है। निजी अखबार के डिजिटल के प्रकार राजा झा, अविनाश उर्फ लड्डू एवं श्रवण कुमार के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया एवं विभिन्न मीडिया माध्यमों पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पत्रकारों के साथ मारपीट जैसी घटना को किसी भी परिस्थिति में सामान्य नहीं माना जा सकता। दिन हो या रात, धूप हो या छांव, पत्रकार अपनी जिम्मेदारी से कभी पीछे नहीं हटते। वे हर खबर को जन-जन तक पहुंचाने का काम करते हैं और जनता तथा व्यवस्था के बीच मजबूत सेतु की भूमिका निभाते हैं। पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं, इसलिए उनकी आवाज को दबाने या उनके सम्मान के साथ खिलवाड़ करने की किसी भी कोशिश को स्वीकार नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच और कार्रवाई के लिए मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से 72 घंटे का समय दिया गया था, लेकिन समय सीमा बीत जाने के बाद भी यदि दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई नहीं होती है तो यह बेहद गंभीर विषय है। सिर्फ आश्वासन से काम नहीं चलेगा, अब कार्रवाई जमीन पर दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर दोषियों के विरुद्ध जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार से मिलकर पूरे मामले को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे। पत्रकारों के सम्मान और सुरक्षा के साथ किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा। दोषी कोई भी हो, निष्पक्ष जांच के बाद उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन इस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। पत्रकारों की आवाज दबाने या उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने की किसी भी कोशिश को चुपचाप स्वीकार नहीं किया जाएगा।


Post a comment