महानंदा नदी में 36 घंटे बाद मिला युवक का शव, पिता ने चार पुलिसकर्मियों पर लगाया हत्या का आरोप
- by Manjesh Kumar
- 12-Oct-2026
- Views
कटिहार: कटिहार जिले के आजमनगर और प्राणपुर प्रखंड की सीमा पर स्थित असालतगंज घाट के पास महानंदा नदी में लापता युवक का शव 36 घंटे बाद सोमवार को बरामद किया गया। मृतक की पहचान आजमनगर थाना क्षेत्र के इमामनगर असालतगंज गांव निवासी यूसुफ आलम के 28 वर्षीय पुत्र मोहम्मद मुरसलीम के रूप में हुई है। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई थी वहीं, परिजनों ने रोशना थाना में तैनात चार पुलिसकर्मियों पर मारपीट कर नदी में डुबोकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को संध्या करीब 5:00 बजे रोशना थाना पुलिस द्वारा पीछा किए जाने के दौरान मुरसलीम ने महानंदा नदी में छलांग लगा दी थी। घटना के बाद से ही एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोर नदी में उसकी तलाश कर रहे थे। लगातार खोजबीन के बाद सोमवार को करीब 36 घंटे बाद युवक का शव नदी से बरामद हुआ।
शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। मृतक के पिता यूसुफ आलम ने आजमनगर थाना में लिखित आवेदन देकर रोशना थाना में तैनात चार पुलिसकर्मियों पर उनके पुत्र के साथ मारपीट करने और नदी में डुबोकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष जाकिर हुसैन और एआईएमआईएम के जिला अध्यक्ष आफताब कंचन ने भी घटना पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
कई थानों की पुलिस की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया गया। फिलहाल, परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि रोशना थाना पुलिस आजमनगर थाना क्षेत्र के असालतगंज घाट पर युवक का पीछा क्यों कर रही थी और किन परिस्थितियों में उसने नदी में छलांग लगाई? इन सवालों का जवाब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।


Post a comment