प्रधान शिक्षक बिपिन चौधरी की पुस्तक ‘हिन्दी भाषा का क्रमिक विकास’ प्रकाशित

कटिहार: हिन्दी भाषा एवं साहित्य के अध्ययन को बढ़ावा देने की दिशा में टीचर्स ऑफ बिहार की पहल पर कटिहार जिले के बरारी प्रखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय बैसागोबिंदपुर के प्रधान शिक्षक, कवि एवं लेखक बिपिन कुमार चौधरी की पुस्तक ‘हिन्दी भाषा का क्रमिक विकास’ प्रकाशित हुई है। चौधरी टीचर्स ऑफ बिहार की त्रैमासिक पत्रिका प्रज्ञानिका के ‘शब्द शिल्पी’ स्तंभ के लिए भी नियमित लेखन करते हैं। पुस्तक में वैदिक संस्कृत से आधुनिक हिन्दी तक की विकास यात्रा, संस्कृत, प्राकृत और अपभ्रंश के साथ हिन्दी के संबंध, प्रमुख बोलियों, भारतीय लिपियों तथा हिन्दी पर अरबी-फारसी और अंग्रेजी सहित अन्य भाषाओं के प्रभाव को समाहित किया गया है। विषयों को सरल एवं व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करने के लिए सारणियों, चार्ट, मानचित्र, समयरेखा और उदाहरणों का सहारा लिया गया है।

यह पुस्तक हिन्दी भाषा एवं साहित्य के विद्यार्थियों, शिक्षकों, शोधार्थियों और साहित्यप्रेमियों के साथ यूपीएससी, बीपीएससी, एसएससी, टीईटी, सीटीईटी तथा यूजीसी-नेट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थियों के लिए उपयोगी अध्ययन सामग्री साबित हो सकती है। पुस्तक के प्रकाशन पर जिला शिक्षा पदाधिकारी राहुल चंद्र चौधरी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राज कुमार सिंह, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित निधि चौधरी, राजकीय पुरस्कार से सम्मानित विप्लव शांडिल्य सहित मृत्युंजय आर्या, दिगंबर कुमार, बलवंत जायसवाल, कुमार शेखर, संजीव कुमार पासवान, नवनीत कुंवर और अन्य शिक्षकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बिपिन कुमार चौधरी को बधाई दी।

  

Related Articles

Post a comment