आगलगी के पीड़ित परिवारों से सांसद पप्पू यादव ने की मुलाकात, आर्थिक मदद के साथ ही...
- by Manjesh Kumar
- 02-Jul-2026
- Views
पूर्णिया: पूर्णिया के बड़हरा कोठी प्रखंड अंतर्गत रुस्तमपुर पंचायत के लोकाही चकला गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे। उन्होंने आग से प्रभावित चारों परिवारों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं, नुकसान का जायजा लिया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। बताया गया कि बीते दिन लगी भीषण आग में चार परिवारों के घर पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग की चपेट में आने से घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, जरूरी दस्तावेज और वर्षों की जमा-पूंजी भी नष्ट हो गई, जिससे परिवारों के सामने गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। सांसद पप्पू यादव ने प्रत्येक अग्नि पीड़ित परिवार को अपनी ओर से तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की।
उन्होंने पूर्णिया के जिलाधिकारी से दूरभाष पर बात कर सभी प्रभावित परिवारों को नियमानुसार शीघ्र मुआवजा तथा सरकारी राहत उपलब्ध कराने का आग्रह किया। इस दौरान सांसद ने पीड़ित परिवारों के घर बैठकर भोजन भी किया। उन्होंने कहा कि यह केवल सहानुभूति जताने का अवसर नहीं, बल्कि यह विश्वास दिलाने का समय है कि संकट की घड़ी में जनप्रतिनिधि जनता के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि किसी भी परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और उनके पुनर्वास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। सांसद पप्पू यादव ने कहा कि जनता का दुःख ही मेरा दुःख है। राजनीति मेरे लिए सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा का संकल्प है। जब भी किसी परिवार पर विपत्ति आती है, मेरा पहला दायित्व उनके बीच पहुंचना और हरसंभव सहायता करना है। जब तक पीड़ित परिवारों को न्याय, राहत और सम्मानजनक जीवन नहीं मिल जाता, मेरा प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
सांसद पप्पू यादव ने प्रशासन से आग से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास, आवास, खाद्यान्न तथा अन्य आवश्यक सरकारी सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की। इस दौरे के दौरान सांसद पप्पू यादव ने दीबरा धनी पंचायत के दीबरा गांव पहुंचकर सर्पदंश से दिवंगत विष्णुदेव रजक तथा हृदयाघात से दिवंगत हुलो यादव के शोकाकुल परिवारों से मुलाकात की। दोनों परिवारों को अपनी ओर से ₹10-10 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद वे धमदाहा विधानसभा क्षेत्र के दमगड़ा गांव पहुंचे, जहां तालाब में डूबने से दिवंगत रमन यादव (अमीन) के परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को ₹20 हजार की आर्थिक सहायता प्रदान की तथा आपदा विभाग के अधिकारियों से बात कर नियमानुसार सरकारी मुआवजा शीघ्र उपलब्ध कराने का आग्रह किया। सांसद ने दोहराया कि वे केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि हर सुख-दुःख में जनता के साथ खड़े रहने के लिए प्रतिबद्ध हैं और जरूरतमंदों की सेवा ही उनके सार्वजनिक जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य है। सांसद प्रतिनिधि कोशल यादव, मुखिया अशोक यादव, मुखिया छोटू मंडल, सांसद प्रवक्ता राजेश यादव, पूर्व मुखिया ललटू यादव,, गोपाल सिंह, लवकुश यादव, राहुल यादव, बमबम यादव सहित अन्य लोग मौजूद थे।


Post a comment