साइकिल चोरी के आरोप में दो युवकों को पेड़ से बांधकर पीटा, वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई पुलिस
- by Manjesh Kumar
- 24-Oct-2026
- Views
कटिहार: कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सालमारी थाना क्षेत्र के सोहरागाछी के आसपास साइकिल चोरी के आरोप में दो युवकों को नारियल के पेड़ से रस्सी के सहारे बांधकर पिटाई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद सालमारी पुलिस हरकत में आ गई है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को सोहरागाछी के आसपास दो युवकों को कथित तौर पर साइकिल चोरी के आरोप में नारियल के पेड़ से रस्सी के सहारे बांध दिया गया। इसके बाद कुछ लोग लाठी-डंडे से उनकी पिटाई करते नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में घटनास्थल पर काफी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी भी दिखाई दे रही है। हालांकि प्रत्येक न्यूज़ लाइव इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है। मामले की जानकारी मिलते ही सालमारी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में सालमारी थाना के प्रभारी थानाध्यक्ष निपुण कुमार ने बताया कि उन्हें वायरल वीडियो के संबंध में जानकारी मिली है। वीडियो की जांच कराई जा रही है। जांच के दौरान घटना में शामिल लोगों की पहचान की जाएगी और दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की जांच कर रही है। घटना में शामिल लोगों की पहचान और मामले की वास्तविक स्थिति जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।


Post a comment