सबौर में जुटे देशभर के कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपति, विकसित भारत-2047 के लिए बनेगी कृषि की नई रणनीति
- by Raushan Pratyek Media
- 29-Nov-2026
- Views
सबौर में जुटे देशभर के कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपति, विकसित भारत-2047 के लिए बनेगी कृषि की नई रणनीति
भागलपुर। विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में कृषि क्षेत्र की भूमिका को मजबूत बनाने के लिए देशभर के कृषि विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञ बिहार के सबौर में जुटे हैं। खेती को परंपरागत तरीकों से आगे बढ़ाकर तकनीक, नवाचार और उद्यमिता से जोड़ने की रणनीति पर यहां मंथन किया जा रहा है।
बिहार कृषि विश्वविद्यालय (BAU), सबौर में भारतीय कृषि विश्वविद्यालय संघ (IAUA) के स्वर्ण जयंती कुलपति सम्मेलन और ‘एडवांसमेंट्स फॉर नेक्स्ट जेनरेशन एग्रीकल्चर’ (ANGA-2026) का शुभारंभ हुआ। बिहार में पहली बार आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन में 30 से अधिक कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के साथ 250 से अधिक वैज्ञानिक, शिक्षाविद, नीति-निर्माता, अधिकारी और कृषि उद्यमी हिस्सा ले रहे हैं।
सम्मेलन का उद्देश्य कृषि शिक्षा, अनुसंधान और तकनीकी नवाचार को नई दिशा देना है। इसमें खेती को अधिक आधुनिक, उत्पादक और उद्यमिता आधारित बनाने के उपायों पर चर्चा की जा रही है। आयोजन के निष्कर्षों को ‘सबौर घोषणा-पत्र’ के रूप में जारी किया जाएगा। यह घोषणा-पत्र देश के कृषि विश्वविद्यालयों की भावी प्राथमिकताओं और साझा कार्ययोजना को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कृषि वैज्ञानिक आधुनिक भारत के ऋषि-मुनि : गिरिराज सिंह
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कृषि वैज्ञानिकों और विश्वविद्यालयों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद खाद्यान्न के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहने वाला भारत आज दुनिया के प्रमुख निर्यातक देशों में शामिल हो चुका है। इस बदलाव में कृषि विश्वविद्यालयों और वैज्ञानिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
गिरिराज सिंह ने कृषि वैज्ञानिकों को आधुनिक भारत का ऋषि-मुनि बताते हुए कहा कि वे देश की उन्नति के अग्रदूत हैं। उनके शोध, नवाचार और योगदान से भारतीय कृषि को नई पहचान मिली है।
आधुनिक तकनीक और नवाचार पर होगा मंथन
सम्मेलन में अगली पीढ़ी की कृषि के लिए तकनीक, अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। कृषि विश्वविद्यालयों के कुलपति और विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा कर कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बनाने पर विचार कर रहे हैं।
सबौर में आयोजित यह राष्ट्रीय सम्मेलन कृषि क्षेत्र के लिए साझा दृष्टिकोण तैयार करने का अवसर माना जा रहा है। इससे निकलने वाला ‘सबौर घोषणा-पत्र’ देश के कृषि विश्वविद्यालयों के बीच समन्वय बढ़ाने और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के अनुरूप कृषि क्षेत्र की भावी दिशा तय करने में मददगार हो सकता है।


Post a comment