खगड़िया में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़, एक लाख का इनामी मिथलेश महतो पैर में गोली लगने से घायल

खगड़िया में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़, एक लाख का इनामी मिथलेश महतो पैर में गोली लगने से घायल

खगड़िया। बिहार के खगड़िया जिले में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई है। इस दौरान एक लाख रुपये का इनामी कुख्यात बदमाश मिथलेश महतो पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे अपनी अभिरक्षा में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।

ट्रिपल मर्डर के गवाह को धमकाने पहुंचा था बदमाश

जानकारी के अनुसार, घायल अपराधी मिथलेश महतो ट्रिपल मर्डर मामले के चश्मदीद गवाह को धमकाने की नीयत से उसके घर के पास पहुंचा था। इसकी सूचना मिलने पर जिला पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने चौथम थाना क्षेत्र में कार्रवाई की।

बताया जा रहा है कि पुलिस टीम ने जब मिथलेश महतो को पकड़ने की कोशिश की, तो उसने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।

दोनों ओर से हुई कई राउंड फायरिंग

मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलीं। इस गोलीबारी में मिथलेश महतो पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा और कई कारतूस बरामद किए हैं।

सात हत्याओं समेत दस संगीन मामले दर्ज

खगड़िया के एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि मिथलेश महतो पर हत्या के सात मामलों समेत कुल दस संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ बिहार के अलावा दिल्ली और नेपाल में भी मामले दर्ज हैं। वह एक लाख रुपये का इनामी अपराधी था।

फिलहाल घायल बदमाश का पुलिस अभिरक्षा में सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है।

बाइट: शैलेंद्र सिंह, एसपी, खगड़िया

  

Related Articles

Post a comment