बनमनखी नगर परिषद के परिसीमन विस्तार का विरोध तेज, गंगैली मौजा को शामिल करने पर उठे सवाल
- by Raushan Pratyek Media
- 29-Nov-2026
- Views
बनमनखी नगर परिषद के परिसीमन विस्तार का विरोध तेज, गंगैली मौजा को शामिल करने पर उठे सवाल
बनमनखी (पूर्णिया)। बनमनखी नगर परिषद के प्रस्तावित परिसीमन और शहरी क्षेत्र के विस्तार को लेकर विरोध तेज होने लगा है। प्रस्तावित परिसीमन प्रक्रिया पर पुनर्विचार करने और गंगैली मौजा को नगर परिषद में शामिल करने के निर्णय को रोकने की मांग को लेकर शुक्रवार को अभियान की शुरुआत की गई। इस अभियान में नगर परिषद के सभापति प्रतिनिधि एवं पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष नरेश यादव सहित सभी वार्ड पार्षदों ने भागीदारी का भरोसा दिया।
अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रस्तावित परिसीमन को लेकर स्थानीय लोगों के बीच असंतोष बढ़ रहा है। सभी वार्ड पार्षदों ने इसे जनहित का मुद्दा बताते हुए अभियान में हरसंभव सहयोग और भागीदारी करने की बात कही।
गंगैली मौजा को शामिल करने पर जताई आपत्ति
सभापति प्रतिनिधि नरेश यादव ने कहा कि वर्तमान में बनमनखी नगर परिषद पूर्ण रूप से उत्क्रमित नगर परिषद है। परिसीमन विस्तार के प्रस्ताव में ग्राम पंचायत महाराजगंज-2 के गंगैली मौजा, थाना संख्या 99 को शामिल करने की बात सामने आई है।
उन्होंने बताया कि गंगैली एक सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्र है, जहां 80 प्रतिशत से अधिक आबादी कृषि आधारित गतिविधियों पर निर्भर है। यह क्षेत्र नगर परिषद कार्यालय से लगभग 11 किलोमीटर दूर स्थित है। ऐसे में भौगोलिक और प्रशासनिक दृष्टिकोण से गंगैली मौजा को नगर परिषद में शामिल करना उचित नहीं प्रतीत होता।
स्थानीय लोगों की सुविधाओं और भौगोलिक स्थिति का उठाया मुद्दा
अभियान से जुड़े लोगों का कहना है कि परिसीमन का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाना, जनसंख्या के आधार पर वार्डों का संतुलन कायम करना और विकास कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करना है। लेकिन यदि इस प्रक्रिया में स्थानीय जनता की भावनाओं, सुविधाओं और भौगोलिक परिस्थितियों की अनदेखी की जाती है, तो यह न्यायसंगत नहीं होगा।
उनका कहना है कि गंगैली जैसे दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र को नगर परिषद में शामिल करने से प्रशासनिक कार्यालय तक पहुंचने और विकास कार्यों में समन्वय स्थापित करने में कठिनाइयां पैदा हो सकती हैं।
पारदर्शी परिसीमन और जनता की सहमति की मांग
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि परिसीमन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए। आम जनता को विश्वास में लिए बिना और स्थानीय लोगों की आपत्तियों एवं सुझावों को सुने बिना कोई निर्णय थोपना लोकतांत्रिक भावना के अनुरूप नहीं है।
प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि किसी भी क्षेत्र के साथ भेदभाव न हो और परिसीमन केवल जनहित एवं विकास को ध्यान में रखकर किया जाए। जनता की आवाज को अनसुना करके लिया गया निर्णय लोकतांत्रिक नहीं हो सकता।
पुनर्समीक्षा नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रस्तावित नए परिसीमन को तत्काल पुनर्समीक्षा के लिए लिया जाए। इसमें जनता की सहमति, न्यायसंगत प्रतिनिधित्व और क्षेत्रीय संतुलन को प्राथमिकता दी जाए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि परिसीमन सही तरीके से नहीं किया गया और स्थानीय लोगों की मांगों पर विचार नहीं हुआ, तो सभी जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
उनका स्पष्ट कहना है कि परिसीमन जनहित में होना चाहिए, न कि जनता पर थोपा गया निर्णय।


Post a comment