विक्रमशिला सेतु पर निर्मित बेली ब्रिज का किया गया सफल ट्रायल, कल से शुरू होगा वाहनों का परिचालन
- by Manjesh Kumar
- 06-Jun-2026
- Views
भागलपुर: भागलपुर का विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद अब एक बार फिर वाहन परिचालन के लिए तैयार है। राज्य की सरकार ने बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन की मदद से क्षतिग्रस्त विक्रमशिला सेतु पर बेली ब्रिज का निर्माण करवाया है। बेली ब्रिज निर्माण का कार्य पूर्ण होने के बाद शनिवार को इसका सफल ट्रायल किया गया। भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ नवल किशोर चौधरी ने खुद शनिवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सदर अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार, सिटी डीएसपी अजय चौधरी, पुल निर्माण निगम और पथ निर्माण विभाग के अधिकारी भी उपस्थित थे।
जिलाधिकारी ने बताया कि बेली ब्रिज पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। पुल पर पुलिस पिकेट की तैनाती की गई है, और कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा और किसी भी तरह की गड़बड़ी पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि बेली ब्रिज से अधिकतम 10 टन तक के मालवाहक वाहनों का परिचालन किया जा सकेगा। साथ ही यह पुल वन-वे व्यवस्था के तहत संचालित होगा ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके। बेली ब्रिज पर आवागमन शुरू होने से भागलपुर, कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिलेगी जो पिछले कई दिनों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने को मजबूर थे।


Post a comment