भागलपुर में बाजार से लौट रहे युवक की चलती बाइक पर गोली मार कर हत्या, परिजनों ने कहा गोतिया के साथ चल रहा था विवाद

भागलपुर: भागलपुर जिले के पीरपैंती में अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। घटना इशीपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर और बाराहाट-नंदलालपुर मुख्य मार्ग के बीच योगीवीर पहाड़ी के समीप की बताई जा रही है। मृतक की पहचान झारखंड के साहिबगंज जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत शोभनपुर भट्ठा दहाड़ी डेरा निवासी राजगृह यादव के पुत्र उत्तम कुमार यादव के रूप में की गई।

जानकारी के अनुसार उत्तम कुमार यादव पिछले करीब 10 दिनों से अपनी ससुराल दौलतपुर में रह रहा था। वह ससुराल में बिजली वायरिंग का काम कराने के लिए साहिबगंज के ही एक मिस्त्री के साथ सामान खरीदने इशीपुर बाराहाट गया था। सामान लेकर वापस लौटने के दौरान योगीवीर पहाड़ी के समीप बाइक सवार अपराधियों ने चलती बाइक पर ही उसे निशाना बनाया और गोली मार दी। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया।

घटना की सूचना मिलते ही इशीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के ससुराल और पैतृक घर से परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पत्नी राजनंदनी कुमारी ने बताया कि उसके पति की अपने गांव शोभनपुर दहाड़ी डेरा में गोतिया पक्ष के लोगों से पुरानी दुश्मनी चल रही थी। परिजनों ने आशंका जताई है कि इसी विवाद के कारण घटना को अंजाम दिया गया है। बताया जा रहा है कि गोतिया के ही एक भाई पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया जा रहा है।

  

Related Articles

Post a comment