पति ने पत्नी की गला रेत की हत्या, थाना पहुंच कर दिया सरेंडर, मायके वाले ने कहा करता था प्रताड़ित

मुंगेर: मुंगेर के जमालपुर से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है जहां एक पति ने अपनी पत्नी की गला रेत कर हत्या कर दी और पुलिस के सामने पहुंच कर सरेंडर कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि पति पत्नी का लंबे समय से विवाद चल रहा था जिसकी वजह से देर रात पति ने धारदार हथियार से पत्नी का गला रेत दिया फिर थाना पहुंच कर सरेंडर कर दिया। मृतिका की पहचान  दशरथ मंडल की पत्नी पूजा देवी के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि महिला की शादी वर्ष 2015 में धरहरा थाना क्षेत्र के दशरथपुर निवासी दशरथ मंडल से हुई थी।

दशरथ मंडल रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत था और बाद में वीआरएस लेकर सेवानिवृत्त हो चुका था। दंपती की दो बेटियां हैं। बताया जाता है कि शादी के कुछ वर्षों बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया था। दोनों के बीच अक्सर कहासुनी और झगड़े होते थे। पारिवारिक स्तर पर कई बार समझौता कराने की कोशिश की गयी, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ। मामला एक बार थाने तक भी पहुंचा था। पोस्टमार्टम हाउस के पास मौजूद मृतका के भाई शुभम कुमार ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। करीब एक साल पहले भी उसके साथ मारपीट की गयी थी। इसको लेकर थाने में आवेदन दिया गया था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया था।

बुधवार की देर रात करीब 12:30 बजे जमालपुर पुलिस ने पूजा के भाई को फोन कर उसकी हत्या की सूचना दी। खबर मिलते ही मायके के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। वहां पूजा खून से लथपथ मृत पड़ी थी। धारदार हथियार से उसका गला रेता गया था। उधर, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति दशरथ मंडल ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर आवश्यक साक्ष्य जुटाये। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल धारदार हथियार भी बरामद कर लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। जमालपुर थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपी पति ने सरेंडर कर दिया है। घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद किया गया है। हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

  

Related Articles

Post a comment