विकसित बिहार के निर्माण में भाजपा कार्यकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण - प्रो राजेंद्र प्रसाद गुप्ता

पूर्णिया: जिले के गुलाबबाग स्थित पाट व्यवसायी भवन में चल रहे दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महा अभियान का समापन हो गया। प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए बिहार भाजपा के वरिष्ठ नेता उत्तर बिहार भाजपा के संयोजक उप नेता सत्तारुढ़ दल, बिहार विधान परिषद डॉ (प्रो) राजेंद्र प्रसाद गुप्ता ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि वह समाज और राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण भागीदार है। उन्होंने कहा कि विकसित बिहार के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

प्रो गुप्ता ने आगे कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रतिपादित अंत्योदय और एकात्म मानववाद की विचारधारा आज भी भाजपा के लिए मार्गदर्शक सिद्धांत है। पार्टी का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना और सेवा को राजनीति का आधार बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से सशक्त बनाना तथा उन्हें संगठन और सरकार की नीतियों के प्रति जागरूक करना है।उन्होंने कहा कि बिहार सरकार सुशासन, विकास और जनकल्याण के एजेंडे पर निरंतर कार्य कर रही है। राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराध पर नियंत्रण स्थापित करने और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन देने के लिए कई प्रभावी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि जनता को पारदर्शी और जवाबदेह शासन उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

युवाओं के संदर्भ में प्रो गुप्ता ने कहा कि रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। कौशल विकास, उद्यमिता और रोजगार सृजन की योजनाओं के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही बिहार के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है। महिला सशक्तिकरण पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी के बिना समाज का समग्र विकास संभव नहीं है। सरकार महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं चला रही है, जिनका सकारात्मक प्रभाव समाज में दिखाई दे रहा है। किसानों के कल्याण का उल्लेख करते हुए प्रो गुप्ता ने कहा कि कृषि बिहार की अर्थव्यवस्था का आधार है। किसानों की आय बढ़ाने, आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने तथा सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सरकार की जनहितकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो सेवा और संगठन की भावना के साथ जनता के बीच काम करते हैं। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में जेस्ट श्रेष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

  

Related Articles

Post a comment