मुजफ्फरपुर में मेले जाने के लिए घर से निकली नाबालिग युवती का मिला शव : इलाके में सनसनी
- by Raushan Pratyek Media
- 03-Apr-2026
- Views
मुजफ्फरपुर : जिले से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां मनियारी थाना क्षेत्र ने एक नाबालिग युवती(15) का शव आम के बगीचे में फंदे से लटका बरामद हुआ. इस घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
कल शाम से थी लापता...!
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग लड़की गुरुवार की शाम गांव में ही आयोजित एक मेला देखने जाने की तैयारी कर रही थी. इसी बीच करीब छह बजे वह अचानक घर से लापता हो गई. काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. देर रात तक गांव और आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला.
आम के बगीचे में मिला शव...
शुक्रवार की सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर निकले, तो गांव के पास ही स्थित एक आम के बगीचे में पेड़ से दुपट्टे के सहारे लड़की का शव लटका हुआ देखा. देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना मनियारी थाना पुलिस को दी.
पुलिस और फॉरेंसिक टीम पहुंची जांच....
घटना की सूचना मिलते ही मनियारी थाना पुलिस और डीएसपी पश्चिमी (टू) अनिमेश चंद्र ज्ञानी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी ने मौके पर फॉरेंसिक टीम (FSL) को भी बुलाया है ताकि वैज्ञानिक तरीके से सबूत इकट्ठा किए जा सके.
क्या कहती है पुलिस...
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी अनिमेश चंद्र ज्ञानी ने बताया, मृतक लड़की नाबालिग है, जिसकी उम्र करीब 15 वर्ष बताई जा रही है. परिजनों के अनुसार वह कल शाम से गायब थी. प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल पाएगा.
पुलिस फिलहाल परिजनों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मेले जाने की बात कहने वाली लड़की ने ऐसा कदम क्यों उठाया या इसके पीछे कोई और कारण तो नहीं है?!..
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट...


Post a comment