बिहार में निर्धारित गति से चल रहा है जनगणना का कार्य, मुजफ्फरपुर में अब तक 4 लाख के लगभग हाउसहोल्ड की गिनती पूरी...

मुजफ्फरपुर: जनगणना 2027 के अंतर्गत मुजफ्फरपुर जिले में हाउस लिस्टिंग एवं जनसंख्या गणना का कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुरूप तीव्र गति से संचालित किया जा रहा है। इस बाबत 2 मई 2026 से प्रारंभ हुए हाउस लिस्टिंग अभियान के तहत अब तक जिले में 39,80,022 हाउसहोल्ड की गणना की जा चुकी है, जबकि 17,43,815 आबादी का आंकड़ा संकलित किया गया है। इस महत्त्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य के सफल, पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन हेतु जिला पदाधिकारी द्वारा व्यापक स्तर पर निगरानी एवं समन्वय की व्यवस्था की गई है। जिला अंतर्गत कुल 9,148 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एचएलबी) चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 38 एचएलबी में कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जबकि 9,002 एचएलबी में गणना कार्य प्रगति पर है। यह कार्य 2 मई से प्रारंभ होकर 31 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा। इसके अंतर्गत नियुक्त प्रगणक अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में घर-घर जाकर 34 निर्धारित प्रश्नों के आधार पर सूचनाओं का संकलन कर रहे हैं। इस प्रक्रिया में आवासीय स्थिति, परिवार संरचना, आधारभूत सुविधाएं एवं अन्य आवश्यक सामाजिक-आर्थिक जानकारियां संकलित की जा रही हैं।

जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने जनगणना कार्य की सतत एवं प्रभावी निगरानी के लिए उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में एक विशेष मॉनिटरिंग टीम का गठन किया है। इस टीम में अपर समाहर्ता राजस्व, अपर समाहर्ता विभागीय जांच तथा डीआरडीए निदेशक को शामिल किया गया है। इसके अतिरिक्त बिहार सरकार के जनगणना निदेशालय द्वारा भी दो पर्यवेक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जो जिले में संचालित जनगणना कार्य की निगरानी एवं पर्यवेक्षण कर रहे हैं। सरकारी दिशा-निर्देश के अनुरूप जनगणना कार्य के सफल एवं सुचारु संचालन हेतु जिला जनगणना कोषांग का गठन संयुक्त भवन परिसर में किया गया है। यहां पूरी टीम की तैनाती की गई है ताकि क्षेत्रीय स्तर पर कार्यरत प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को तकनीकी एवं प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराया जा सके। जनगणना कार्य के दौरान यदि किसी प्रगणक को मोबाइल एप, डेटा अपलोडिंग अथवा अन्य तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ता है तो उसका तत्क्षण समाधान जिला जनगणना कोषांग के माध्यम से सुनिश्चित किया जा रहा है।

इस कोषांग द्वारा प्रतिदिन जनगणना कार्य से संबंधित प्रगति प्रतिवेदन संकलित कर राज्य स्तर पर प्रतिवेदित किया जा रहा है। जिला सांख्यिकी पदाधिकारी को जिला जनगणना कोषांग का प्रभारी बनाया गया है, जो संपूर्ण कार्य के समन्वय एवं अनुश्रवण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने जिला सांख्यिकी पदाधिकारी तथा अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी एवं पश्चिमी को निर्देश दिया है कि सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ सतत समन्वय बनाये रखें तथा प्रतिदिन समीक्षा कर समयबद्ध, सटीक एवं पारदर्शी तरीके से आंकड़ों का संग्रहण सुनिश्चित करें। उल्लेखनीय है कि जिले में जनगणना 2027 के अंतर्गत 17 अप्रैल से 1 मई 2026 तक स्वगणना अभियान भी संचालित किया गया था। इस दौरान कुल 1,09,797 परिवारों ने स्वयं ऑनलाइन माध्यम से स्वगणना की प्रक्रिया पूर्ण की। इनमें से अब तक 2,914 परिवारों द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों का सत्यापन किया जा चुका है। शेष आंकड़ों के सत्यापन हेतु भी प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन का कार्य किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि वे जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग करें तथा प्रगणकों को सही, सटीक एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान प्राप्त सभी सूचनाएं पूर्णतः गोपनीय रखी जाती हैं तथा उनका उपयोग केवल सरकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों एवं नीतियों के निर्माण के उद्देश्य से किया जाता है। उन्होंने लोगों को सतर्क एवं आगाह करते हुए यह भी स्पष्ट किया है कि जनगणना के नाम पर किसी भी प्रकार की अफवाह अथवा धोखाधड़ी से सावधान रहने की आवश्यकता है। किसी भी व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाता संख्या अथवा अन्य वित्तीय जानकारी साझा नहीं करें। अधिकृत प्रगणक केवल निर्धारित 34 प्रश्नों से संबंधित सामान्य जानकारी ही प्राप्त करते हैं तथा वे किसी भी प्रकार की संवेदनशील अथवा वित्तीय जानकारी नहीं मांगते हैं। जिलाधिकारी ने विश्वास व्यक्त किया है कि नागरिकों के सहयोग एवं प्रशासनिक सतर्कता के बल पर जनगणना 2027 का कार्य जिले में सफलतापूर्वक एवं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर लिया जाएगा।

मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment