डेढ़ महीने बाद हड़ताल खत्म करेंगे CO और RO, नए सचिव जय सिंह से बातचीत के बाद काम पर लौटेंगे अधिकारी
- by Manjesh Kumar
- 01-May-2026
- Views
पटना: बिहार में करीब डेढ़ महीने से जारी CO और राजस्व कर्मी अब अपना हड़ताल खत्म कर काम पर वापस लौटेंगे। विभाग के नवनियुक्त सचिव जय सिंह के साथ हुई बातचीत के बाद अब अंचलाधिकारी और राजस्व कर्मी काम पर वापस लौटेंगे। हड़ताल खत्म करने के संबंध में हड़ताल पर गए दोनों ही संगठनों ने अब एलान कर दिया है कि कर्मी बहुत जल्दी ही काम पर वापस लौटेंगे।
हड़ताल पर गए अधिकारियों ने कहा कि सरकार ने उनकी मांगों पर विचार करने का भरोसा दिया है। जिसके बाद राजस्व कर्मियों के संघ ने कहा कि अब सभी अधिकारी और कर्मी अपने अपने कार्यस्थल पर 24 घंटे के अंदर वापस लौटेंगे। CO और राजस्व कर्मियों के काम पर वापस लौटने के बाद अब विभाग के सभी काम काज पटरी लौट आयेंगे साथ ही अन्य कामों में भी सहूलियत मिलेगी।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने बताया कि सामूहिक अवकाश के कारण दाखिल-खारिज, परिमार्जन, मापी, भूमि विवाद निपटारा सहित कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित हुए थे। अब इन सभी कार्यों में तेजी लाने के लिए विभाग की ओर से स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विभाग की पहली प्राथमिकता आम जनता से जुड़े लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन है। इसके लिए सभी जिलों के समाहर्ताओं एवं अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लंबित आवेदनों की समीक्षा करें और समयबद्ध तरीके से उनका निष्पादन सुनिश्चित करें। सचिव ने यह भी स्पष्ट किया कि 4 मई से सभी राजस्व सेवा के अधिकारी अपने-अपने पदस्थापन स्थल पर योगदान देना सुनिश्चित करेंगे। अनुपस्थित रहने या कार्य में लापरवाही बरतने पर आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई भी की जा सकती है।
बता दें कि राज्य भर में पिछले 9 मार्च से CO और अन्य राजस्व कर्मी हड़ताल पर हैं। इस दौरान जमीन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य प्रभावित थे जिससे आमलोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। राजस्व कर्मियों के हड़ताल को समाप्त करने के लिए पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं तत्कालीन विभागीय मंत्री विजय सिन्हा ने काफी कोशिश की थी। उन्होंने राजस्व कर्मियों से उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन देते हुए कई बार अपील की तो सख्ती भी दिखाई और कई अधिकारियों को निलंबित कर दिया था।


Post a comment