सीएसपी संचालकों के साथ एसएसपी डॉ शौर्य सुमन ने की बैठक, सुरक्षा को लेकर दिए कई अहम निर्देश

पूर्णिया: अपराध नियंत्रण एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा को लेकर पूर्णिया के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ शौर्य सुमन के नेतृत्व में शनिवार को पुलिस केंद्र में शहरी क्षेत्र एवं आसपास के सभी सीएसपी संचालकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक का मुख्य उद्देश्य सीएसपी एवं अन्य वित्तीय लेनदेन वाले केंद्रों पर संभावित सुरक्षा खतरों की समीक्षा करना तथा संचालकों को आपराधिक घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के प्रति जागरूक करना था। बैठक के दौरान हाल के दिनों में सामने आए व्यवसायिक अपराधों के तौर-तरीकों पर विस्तार से चर्चा की गई। एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने संचालकों को स्पष्ट रूप से आगाह किया कि सुरक्षा के मामले में थोड़ी सी भी लापरवाही बड़े वित्तीय नुकसान के साथ-साथ गंभीर सुरक्षा चूक का कारण बन सकती है।

उन्होंने सभी सीएसपी संचालकों को अपने प्रतिष्ठान में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने, उनकी नियमित निगरानी एवं उचित रखरखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तत्काल संबंधित थाना को सूचना देने को कहा गया। नकद लेनदेन के दौरान गोपनीयता बनाए रखने तथा बड़ी रकम के लेनदेन एवं नकदी परिवहन के समय विशेष सतर्कता बरतने पर भी जोर दिया गया। आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय थाना से समन्वय स्थापित कर पुलिस सुरक्षा सहायता लेने की सलाह दी गई। एसएसपी ने सीएसपी संचालकों को अपने संस्थानों में सुरक्षा अलार्म अनिवार्य रूप से लगाने पर भी विशेष जोर दिया, ताकि किसी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस एवं आसपास के लोगों को सूचना मिल सके।

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने संचालकों से सुरक्षा संबंधी निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने की अपील की। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि वित्तीय संस्थानों एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूर्णिया पुलिस का संदेश: सतर्कता, सुरक्षा और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय से वित्तीय अपराधों की संभावनाओं को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

  

Related Articles

Post a comment