करीब 75 करोड़ रूपये का होना था साइबर फ्रॉड, मोतिहारी पुलिस ने पहले ही गिरोह के सदस्यों को दबोचा

पूर्वी चंपारण: इन दिनों देश भर साइबर अपराध को देखते हुए पुलिस विभाग में साइबर सेल स्थापित किया गया और सभी जिलों में साइबर थाना की स्थापना भी की गई। बिहार पुलिस की साइबर सेल लगातार डिजिट अपराध को रोकने की दिशा में काम भी कर रही है। इसी कड़ी में मोतिहारी साइबर थाना की पुलिस ने एक बड़ी ठगी की घटना को न सिर्फ टाल दिया बल्कि गिरोह के 9 सदस्यों को भी गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने 10 एंड्रॉयड मोबाइल, एक लैपटॉप और दो लग्जरी कारें जब्त की हैं।

पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। सूत्रों के अनुसार यह गिरोह बड़े कॉरपोरेट खातों की गोपनीय जानकारी हासिल कर नेटबैंकिंग के जरिए करोड़ों की रकम उड़ाने की फिराक में था। मामले का खुलासा करते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि साइबर थाने को गुप्त सूचना मिली थी कि जिले में एक बड़े साइबर अपराध की साजिश रची जा रही है। इसके बाद डीएसपी के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया। जांच में सामने आया कि गिरोह के सदस्य बैंककर्मियों के माध्यम से कॉरपोरेट खातों का संवेदनशील डेटा जुटाते थे। इनमें खाताधारक का नाम, यूजर आईडी, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और खाते में उपलब्ध मौजूदा बैलेंस की पूरी जानकारी शामिल होती थी।

गोपनीय जानकारी मिलने के बाद गिरोह नेटबैंकिंग में लॉगिन करने के लिए खाताधारक के रजिस्टर्ड मोबाइल पर आने वाले ओटीपी को हासिल करने का जाल बिछाता था। ओटीपी मिलते ही खाते में जमा पूरी राशि को फर्जी खातों में ट्रांसफर करने की योजना थी। जांच के दौरान 'कैंप सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड' नामक कंपनी के कॉरपोरेट बैंक खाते का विवरण मिला है, जिसमें करीब 56 करोड़ रुपये की भारी रकम जमा थी। आरोपी खास तौर पर उन्हीं खातों को निशाना बनाते थे जिनमें करोड़ों का बैलेंस होता था।

साइबर थाना पुलिस ने पकड़ीदयाल और पड़ोसी जिले शिवहर के विभिन्न इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में पूर्वी चंपारण के छह और शिवहर के तीन शातिर शामिल हैं। पूर्वी चंपारण के पकड़ीदयाल निवासी आनंद किशोर, पताही के निरंजन यादव, टेढ़ागाछ के संतोष राम, बिजुलपुर के संदीप कुमार, कोटवा के विजय कुमार और सुगौली के पप्पू जायसवाल को पकड़ा गया है। वहीं शिवहर जिले के अरविंद कुमार, मनोरंजन कुमार और रामनाथ ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने बताया कि पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से पड़ताल कर रही है। बैंक खातों की लीक जानकारी देने वाले भेदिये बैंककर्मियों और संभावित लेनदेन के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।

  

Related Articles

Post a comment