DM और SSP ने पूजा पंडालों, ट्रैफिक रूट और कृत्रिम विसर्जन घाटों का किया निरीक्षण

मुजफ्फरपुर: दुर्गा पूजा के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था संधारण, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम यातायात व्यवस्था एवं प्रतिमा विसर्जन की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी कुमार गौरव और वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने आज शहर के विभिन्न पूजा पंडालों, निर्धारित ट्रैफिक रूट एवं प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्मित कृत्रिम घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारीद्वय ने पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही, यातायात प्रबंधन तथा प्रतिमा विसर्जन के लिए की गई तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों के साथ रामदयालुनगर, सरैयागंज टावर, पंकज मार्केट सहित विभिन्न स्थलों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कृत्रिम घाटों पर होगा प्रतिमाओं का विसर्जन

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि प्रतिमा विसर्जन को व्यवस्थित, सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से शहर में विभिन्न स्थानों पर कृत्रिम घाटों का निर्माण कराया गया है। रामदयालु सिंह महाविद्यालय के पीछे एक कृत्रिम घाट बनाया गया है, जहां संबंधित क्षेत्र की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। इसी प्रकार चंदवारा स्थित जगन्नाथ मिश्रा कॉलेज के पास तथा लकड़ी ढाई क्षेत्र में भी कृत्रिम विसर्जन घाटों का निर्माण कराया गया है। इन निर्धारित घाटों पर संबंधित क्षेत्रों की प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जाएगा, ताकि विसर्जन के दौरान अनावश्यक भीड़, यातायात बाधा एवं अन्य संभावित समस्याओं से बचा जा सके।

पूजा पंडालों एवं ट्रैफिक रूट का लिया जायजा

जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही, निर्धारित यातायात मार्गों का भ्रमण कर ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा की गई। इस दौरान पूजा पंडालों तक श्रद्धालुओं की सुगम पहुंच, भीड़ प्रबंधन तथा प्रतिमा विसर्जन के दौरान यातायात संचालन को लेकर आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा की गई। अधिकारियों ने आमलोगों एवं पूजा समितियों के सदस्यों से संवाद कर प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देने की बात कही। पूजा समितियों को आयोजन के दौरान प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने और निर्धारित व्यवस्थाओं के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्था पर प्रशासन का विशेष जोर

जिला प्रशासन द्वारा दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इस पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। पूजा पंडालों, यातायात मार्गों एवं कृत्रिम विसर्जन घाटों का निरीक्षण इसी दिशा में की जा रही तैयारियों का हिस्सा है। जिला प्रशासन ने पूजा समितियों, श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित कृत्रिम घाटों का ही उपयोग करें, ताकि दुर्गा पूजा का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

रूपेश कुमार की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment