बाबू टोला में भक्ति की बही बयार, 70 लाख रुपए से बने भगवती मंदिर में पांच देवी-देवताओं की प्राण-प्रतिष्ठा
- by Manjesh Kumar
- 17-Oct-2026
- Views
काशी के विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया अनुष्ठान, पिता के संकल्प को पुत्र पवन सिंह ने किया साकार
कटिहार: बरारी प्रखंड के दुर्गापुर पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या तीन के बाबू टोला में नवनिर्मित भव्य भगवती मंदिर में पांच देवी-देवताओं की प्राण-प्रतिष्ठा वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। काशी (वाराणसी) से आए विद्वान पंडितों एवं आचार्यों के सान्निध्य में सप्तमी पूजा के अवसर पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ पड़ी। शंखनाद, वैदिक मंत्रों और पूजा-अर्चना से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, मानव कल्याण और लोकमंगल की कामना की।
प्राण-प्रतिष्ठा अनुष्ठान के दौरान माता दुर्गा, मां शारदे, मां लक्ष्मी, भगवान गणेश, भगवान कार्तिकेय एवं हनुमान जी की प्रतिमाओं की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। काशी से पधारे पंडित एवं आचार्य शशांक पांडेय, अरविंद, शिवम, कार्तिकेय कुमार, ऋषि राज कुमार सहित अन्य विद्वानों ने तिवारी बाबा के निर्देशन में वैदिक परंपरा के अनुसार धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया। इस दौरान यजमान पवन सिंह ने विधि-विधानपूर्वक संकल्प लिया। दूर-दराज के गांवों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने देवी-देवताओं के दर्शन कर सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना की।
पिता के अधूरे संकल्प को पुत्र ने किया पूरा
मंदिर निर्माण के पीछे गहरी पारिवारिक आस्था और संकल्प की कहानी जुड़ी है। बाबू टोला निवासी एवं जदयू के प्रदेश सचिव संजय सिंह ने बताया कि पवन सिंह के पिता स्वर्गीय महेश्वर प्रसाद सिंह ने अपने जीवनकाल में मंदिर निर्माण का संकल्प लिया था। उनके निधन के कारण यह सपना अधूरा रह गया। इसके बाद पुत्र पवन सिंह ने पिता की इच्छा को पूरा करने का बीड़ा उठाया और अपने निजी कोष से लगभग 70 लाख रुपये की लागत से भव्य भगवती मंदिर का निर्माण कराया। राजस्थान के जयपुर से देवी-देवताओं की प्रतिमाएं मंगवाकर उनकी प्राण-प्रतिष्ठा कराई गई।
धार्मिक आयोजन में जुटे गणमान्य लोग
समारोह में पटना से आए आईएएस अधिकारी एवं मुख्यमंत्री के सलाहकार अंजनी कुमार सिंह, बरारी विधायक विजय सिंह निषाद, संजय कुमार सिंह, शेखर यादव, संजय चौधरी, किशोर सिंह, अशोक सिंह, गगन सिंह, राजेश सिंह, रोशन कुमार सिंह, सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। प्राण-प्रतिष्ठा के साथ बाबू टोला और आसपास के गांवों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों ने मंदिर निर्माण को धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने वाली पहल बताया। श्रद्धालुओं ने माता भगवती से क्षेत्र में शांति, सद्भाव और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।


Post a comment