बेटी की शादी के लिए जोड़े चार लाख रुपए आग में स्वाहा, चार परिवारों के घर जले

मजदूरी कर वर्षों से पाई-पाई जोड़कर रखी थी नकदी, करीब चार लाख के जेवरात और जरूरी दस्तावेज भी राख। प्रशासन ने उपलब्ध कराई राहत सामग्री

कटिहार: सेमापुर थाना क्षेत्र की सुखासन पंचायत के वार्ड संख्या-13 स्थित स्कूल टोला (राय टोला) में चूल्हे से निकली चिंगारी ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। अगलगी की इस घटना में चार परिवारों के घर और लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग में एक परिवार की बेटी की शादी के लिए मजदूरी कर वर्षों से जमा किए गए चार लाख रुपये नकद भी जल गए। बताया जाता है कि बच्चों की गलती से चूल्हे से निकली चिंगारी ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। अगलगी में घरों में रखे कपड़े, बर्तन, फर्नीचर, जेवरात, जरूरी कागजात और नकदी समेत घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गए।

अगलगी की घटना में मो अख्तर आलम, मो साहबुल, मो सकुर और मजहरुल हक के परिवार प्रभावित हुए हैं। सबसे अधिक नुकसान मो अख्तर आलम के परिवार को हुआ है। उनकी बेटी की शादी होने वाली थी। शादी की तैयारी के लिए अख्तर आलम लंबे समय से मजदूरी कर पाई-पाई जोड़ रहे थे। उन्होंने करीब चार लाख रुपये नकद जमा कर रखे थे। इसके अलावा लगभग चार लाख रुपये के जेवरात भी घर में रखे थे। आग की चपेट में आकर नकदी, जेवरात, जमीन के कागजात और घर का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया।

वर्षों की मेहनत से जमा की गई पूंजी एक झटके में राख हो जाने से परिवार के सामने बेटी की शादी और रोजमर्रा के भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से उचित मुआवजा और आवासीय सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। इधर, अंचलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि अगलगी से प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत के तौर पर पॉलीथिन शीट, बाल्टी और राशन किट उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने कहा कि घर जलने की सूचना प्रशासन को मिली है। पीड़ित परिवारों से आवेदन प्राप्त होने के बाद सरकारी प्रावधानों के अनुसार मुआवजा देने की कार्रवाई की जाएगी।

  

Related Articles

Post a comment