कच्ची दरगाह बिदुपुर बनाया हमने, फीता काटने आ रहे पीएम, तेजस्वी ने दिमागी नक्सल वाले बयान को लेकर कही बड़ी बात
- by Manjesh Kumar
- 09-Nov-2026
- Views
पटना: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर केंद्र की एनडीए सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जोरदार निशाना साधा. तेजस्वी यादव ने मीडिया से बात करते हुए बिहार के लोगों को दिवाली और छठ पर्व की शुभकामनाएं दी तथा कहा कि हमारा सपना है कि बिहार विकसित बने, बिहार को सम्मान मिले और अपराध मुक्त राज्य ही. इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर के बिहार दौरे को लेकर कहा कि उन्होंने बाढ़ के वक्त कुछ नहीं किया, किसानों के फसल डूब गए बर्बाद हो गए उन्होंने कुछ नहीं किया, अब फीता काटने आ रहे हैं. वह फीता भी उस काम के लिए काटने आ रहे हैं जो हमने किया.
तेजस्वी ने कहा कि वर्ष 2015 में बिहार में जब हमारी सरकार बनी थी तब मैं और तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कच्ची दरगाह बिदुपुर पुल का शिलान्यास किया था. अब फीता काटने प्रधानमंत्री आ रहे हैं. चलो कोई बात नहीं अच्छी बात है फीता कोई भी काटे लेकिन यह तो निश्चित है कि काम हमने किया. बिहार में 5 लाख नौकरियां भी हमने दी, लेकिन यह लोग आज तक कुछ नहीं कर सके. ये लोग तो सिर्फ फीता काटना जानते हैं और इससे कुछ होने वाला भी नहीं है.
इस दौरान तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिमागी नक्सलवाद वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा यह लोग कुछ कर तो पाए नहीं. अगर कुछ किया होता फिर आज वह लोग इनसे सवाल नहीं पूछता जिनको दिमागी नक्सली कहते हैं.


Post a comment