खाना बनाने के दौरान फटा गैस सिलेंडर, मासूम समेत 3 लोगों की हो गई...
- by Pratyek Media
- 13-Apr-2026
- Views
दरभंगा में रविवार की शाम भीषण आगलगी की घटना हुई जिसमें तीन महीने की एक मासूम समेत 3 की मौत हो गई जबकि सात व्यक्ति झुलस गए वहीं लाखों रुपए की संपत्ति जल कर राख हो गई। घटना की सूचना पर आग बुझाने पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम के कर्मी भी झुलस गए। घटना दरभंगा के सुंदरपुर स्थित तेनु पेड़ के समीप की है। बताया जा रहा है कि बीती शाम खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई और वह ब्लास्ट हो गया जिसके बाद देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग लगने के बाद लोग जब तक कुछ समझ पाते तब तक घिर चुके थे और इस आग में एक मासूम की मौत हो गई जबकि 7 व्यक्ति झुलस गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया जहां इलाज के दौरान दो अन्य लोगों की भी मौत हो गई। मृतकों की पहचान गोविंद दास, मिसू कुमारी और तीन महीने के एक मासूम के रूप में की गई। घायलों की पहचान बेचन दास, गोविंद, पड़ोसी आदित्य और अग्निशमन विभाग के एक कर्मी के रूप में की गई है।
आगलगी की घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने के लिए काफी मशक्कत की लेकिन तीन लोगों को नहीं बचाया जा सका वहीं इस दौरान लाखों रुपए की संपत्ति जल कर राख हो गई। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई वहीं घटना के संबंध में छानबीन भी कर रही है।


Post a comment