अररिया में निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 50 हजार रुपए घूस लेते उद्योग विभाग के जीएम को दबोचा

अररिया: बिहार में इन दिनों भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी है। भ्रष्टाचार निवारण को लेकर निगरानी की टीम हर शिकायतों पर कार्रवाई कर रही है तथा सरकारी कर्मियों को सलाखों के पीछे भी पहुंचा रही है। इसी कड़ी में निगरानी विभाग ने अररिया में बड़ी कार्रवाई की और उद्योग विभाग के जीएम को घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। निगरानी की टीम ने अधिकारी के आवास से 50 हजार रुपए घूस लेते हुए गिरफ्तार किया और पूछताछ के बाद अपने साथ लेकर चली गई। निगरानी विभाग के डीएसपी सतीश चंद्र माधव ने बताया कि मशीन सप्लायर कमरे आलम ने महाप्रबंधक के खिलाफ शिकायत की थी।

शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मशीनों की आपूर्ति के एवज में महाप्रबंधक द्वारा कमीशन की मांग की जा रही थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, विभिन्न लोगों को करीब 17 लाख रुपए की मशीनों की आपूर्ति की गई थी। इसके एवज में महाप्रबंधक द्वारा 5 प्रतिशत की दर से 85 हजार कमीशन की मांग की गई थी। इसके बाद कमरे आलम ने मामले की शिकायत निगरानी विभाग से की। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने आरोपों का सत्यापन कराया। जांच के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए गए। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मामला दर्ज करते हुए डीएसपी सतीश चंद्र माधव के नेतृत्व में धावा दल का गठन किया गया।

धावा दल ने अररिया स्थित महाप्रबंधक के किराए के मकान पर छापामारी की। कार्रवाई के दौरान अलमारी से 50 हजार की रिश्वत की राशि बरामद की गई। इसके बाद निगरानी विभाग की टीम ने अनिल कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया।

  

Related Articles

Post a comment