जमीन के लिए दिए एक लाख रुपये मांगने पर पति-पत्नी में हुआ विवाद, महिला की संदिग्ध मौत
- by Manjesh Kumar
- 03-Nov-2026
- Views
शेखपुरा: नगर थाना क्षेत्र के पचना गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला का शव घर में फंदे से लटका हुआ मिला। मृतका की पहचान मिथिलेश कुमार की पत्नी मौसम देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की शादी करीब दो साल पहले हुई थी। उसे एक छोटा बच्चा भी है। उन्होंने बताया कि दामाद मिथिलेश कुमार को जमीन खरीदने के लिए एक लाख रुपये कर्ज के रूप में दिए थे। जब उन्होंने अपने रुपये वापस मांगने शुरू किए तो दामाद का बेटी के साथ विवाद होने लगा। इसी विवाद को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता था।
पिता को मोबाइल के माध्यम से घटना की सूचना मिली, जिसके बाद वे पचना गांव पहुंचे। वहां अपनी बेटी को मृत अवस्था में पाया। वहीं, मृतका की सास ने बताया कि पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद महिला ने अपने छोटे बच्चे को छोड़कर फंदे से लटककर जान दे दी। इस संबंध में नगर थाना के एडिशनल एसएचओ धनंजय कुमार दास ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई है। मौत के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


Post a comment