वैशाली के जंदाहा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री को दी श्रद्धांजलि
- by Manjesh Kumar
- 02-Oct-2026
- Views
वैशाली: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 128वीं जयंती को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वैशाली के जंदाहा में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया। इस अवसर पर कार्यक्रम को अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में भी मनाया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जंदाहा स्थित गांधी चौक पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वरिष्ठ कांग्रेस नेता पृथ्वीनाथ झा के आवास पर महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों एवं सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर वैशाली जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष रंजीत पंडित ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, हिंदू-मुस्लिम एकता, छुआछूत उन्मूलन, महिला सशक्तिकरण एवं गरीबों की सेवा के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश को भी देशसेवा और किसानों-जवानों के सम्मान की प्रेरणा बताया। जंदाहा प्रखंड अध्यक्ष चंदन कुमार झा एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता तारक चौधरी ने कहा कि सत्य और अहिंसा का संदेश पूरी दुनिया को यह सिखाता है कि सच्चाई और शांति के मार्ग पर चलकर बड़े से बड़ा परिवर्तन किया जा सकता है।
अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष उत्तम कुमार ठाकुर एवं जंदाहा के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष अजीत सिंह ने कहा कि भारत की विविधता में एकता ही देश की सबसे बड़ी ताकत है। सभी धर्मों एवं समुदायों के लोगों का आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ रहना गांधी जी के विचारों को साकार करता है। महनार प्रखंड अध्यक्ष सचिन कुमार एवं राजकिशोर कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के विचार आज भी सत्य, अहिंसा, सादगी, देशसेवा, न्याय, शांति और सामाजिक सद्भाव की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर अतिपिछड़ा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष उत्तम ठाकुर, सचिन कुमार, राजकिशोर कुमार, पिंटू सिंह, देवदत्त सिंह, राकेश कुमार, चंदन कुमार, दिलीप झा, शिवम कुमार, प्रकाश कुमार, मो मुन्ना, अंशु कुमार, नीतीश झा, मो सलीम, तारक प्रसाद सहित अन्य लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित किया।


Post a comment