बिहार की महिलाओं के आत्मविश्वास, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता की मजबूत कहानी बन चुकी है जीविका, जदयू कार्यालय में निशांत ने कहा...

पटना: गांधी जयंती के अवसर पर पटना स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय में ‘नीतीश संवाद’ के तहत आयोजित ‘जीविका के 20 साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने जीविका दीदियों की सराहना की। इस दौरान उन्होंने जीविका की 20 वर्षों की यात्रा और इसके माध्यम से बिहार में महिला सशक्तिकरण के सफल प्रयासों पर प्रकाश डाला। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी ने ऐसे भारत का सपना देखा था, जहाँ विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे और महिलाएँ सम्मान एवं समान अवसर के साथ आगे बढ़ें। जीविका इसी सोच को साकार करने की दिशा में बिहार की महिलाओं के आत्मविश्वास, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता की मजबूत कहानी बन चुकी है।


स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में वर्ष 2006 में शुरू हुई जीविका ने पिछले 20 वर्षों में ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का काम किया है। आज लगभग 2 करोड़ जीविका दीदियाँ स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर स्वरोजगार, उद्यमिता, कृषि, पशुपालन और अन्य गतिविधियों के माध्यम से अपने परिवार और बिहार की अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं। निशांत ने कहा कि पिताजी ने महिलाओं के सशक्तिकरण और जीविका के माध्यम से जिस सोच और व्यवस्था की मजबूत नींव रखी, आने वाले समय में हमारा प्रयास रहेगा कि जीविका को और व्यापक एवं मजबूत बनाया जाए, ताकि बिहार की अधिक से अधिक महिलाएँ आत्मनिर्भर बनकर प्रदेश की प्रगति में अपनी भागीदारी निभाएँ।

  

Related Articles

Post a comment