सोनपुर मेले में श्रम विभाग की प्रदर्शनी का मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने किया उद्घाटन
- by Manjesh Kumar
- 27-Nov-2026
- Views
पटना: असंगठित क्षेत्र के कामगारों, प्रवासी श्रमिकों, निर्माण श्रमिकों और उनके परिवारों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एशिया प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला- 2026 में श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग की ओर से विभागीय प्रदर्शनी लगाई गई है। शुक्रवार की शाम विभागीय मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने इसका विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर विभाग के अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार भी मौजूद रहे।
विभागीय स्टॉल पर बाल श्रम उन्मूलन से संबंधित कानूनी प्रावधानों, इसके रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा बिहार शताब्दी असंगठित कार्य क्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा (संशोधन) योजना- 2024 के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है। क्योंकि आम नागरिकों को बाल श्रम के दुष्परिणामों और इसके उन्मूलन के लिए निर्धारित प्रावधानों की जानकारी देना भी प्रदर्शनी का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
स्टॉल पर श्रमिक कल्याण योजनाओं और आवेदन प्रक्रिया की दी जा रही जानकारी
स्टॉल के माध्यम से बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता और बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की ओर से संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। प्रदर्शनी के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने और श्रमिक कल्याण से संबंधित सरकारी प्रावधानों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। मेले में आने वाले लोग विभागीय स्टॉल पर पहुंचकर योजनाओं और उनसे लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी ले सकते हैं। इस अवसर पर सचिव सुनील कुमार यादव, श्रमायुक्त राजेश भारती, सारण के उप श्रमायुक्त प्रशांत राहुल और मुजफ्फरपुर के उपश्रम आयुक्त नीरज नयन सहित कई अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।


Post a comment