कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों के सम्मान में उतरा विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ, पर्वों के सफल आयोजन पर पुलिस-प्रशासन का किया भव्य अभिनंदन
- by Manjesh Kumar
- 27-Nov-2026
- Views
पूर्णिया: दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिस एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारियों को विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ की ओर से सम्मानित किया गया। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी के नेतृत्व में आयोजित प्रशासनिक सम्मान समारोह के दौरान पूर्णिया जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार, सदर अनुमंडल पदाधिकारी विग्नेश टीए, सदर अंचलाधिकारी अंशु कुमार, सदर थानाध्यक्ष राजू कुमार, सदर थाना के अतिरिक्त प्रभारी शशि भगत एवं के हाट थाना अध्यक्ष रंजन ठाकुर सहित जिले के अन्य थानाध्यक्षों एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को स्मृति चिह्न एवं भगवा अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विश्व हिंदू युवा वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने कहा कि दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ हमारी आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता के महत्वपूर्ण पर्व हैं। इन अवसरों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने में पुलिस एवं जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों ने पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सभी पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सराहनीय योगदान दिया। जनसेवा में समर्पित और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारियों का सम्मान करना समाज का दायित्व है। ऐसे अधिकारियों का उत्साहवर्धन करना हम सभी के लिए गर्व की बात है।
आशीष गोस्वामी ने विशेष रूप से पूर्णिया के जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे स्वयं तथा संगठन के सदस्य कई बार जिला पदाधिकारी महोदय से मुलाकात कर चुके हैं। प्रत्येक मुलाकात के दौरान उनके सरल, सहज, सम्मानजनक एवं आत्मीय व्यवहार से वे बेहद प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिला पदाधिकारी के कुशल नेतृत्व, कार्यशैली एवं जनहित के प्रति समर्पण से पूर्णिया जिले का मान-सम्मान भी बढ़ा है। उनके व्यवहार एवं कार्यों से आम लोगों के बीच प्रशासन के प्रति विश्वास और सकारात्मक भावना मजबूत होती है। अंत में उन्होंने प्रभु श्री राम से जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु, सुखमय जीवन एवं निरंतर प्रगति की मंगलकामना की। साथ ही प्रार्थना की कि प्रभु श्री राम की कृपा उन पर सदैव बनी रहे और वे इसी प्रकार जनसेवा के माध्यम से पूर्णिया जिले का मान-सम्मान बढ़ाते रहें।
उन्होंने आगे कहा कि विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ धर्म रक्षा, समाज सेवा एवं राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ सदैव सकारात्मक कार्यों को प्रोत्साहित करता रहेगा। समाज और प्रशासन के बीच सम्मान, सहयोग एवं समन्वय की भावना को मजबूत करना भी संगठन का प्रमुख उद्देश्य है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी के साथ प्रमुख रूप से सीमांचल अध्यक्ष दिलीप कुमार दीपक, राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी नीतीश कुमार, राष्ट्रीय मंत्री खगेश कुमार, राष्ट्रीय महामंत्री अजय गुप्ता, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य दीपक जायसवाल, बेगूसराय जिला अध्यक्ष विक्रांत आनंद, पूर्णिया नगर मंत्री कमल कृष्ण रंजन, पूर्णिया महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष शर्मिला ठाकुर, जिला कार्यकारिणी सदस्य संगीता ठाकुर, विक्की गोस्वामी, वरिष्ठ सक्रिय सदस्य केशव गिरी एवं राजेंद्र पंडित सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


Post a comment