रबी कृषि जनकल्याण चौपाल -सह -खेत बचाओ अभियान के तहत एकदिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

मधेपुरा: मधेपुरा जिले के पुरैनी प्रखंड अंतर्गत वंश गोपाल पंचायत में कृषि प्रौद्योगिकी एवं प्रबंध अभिकरण के द्वारा एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डॉ पंकज यादव, प्रभारी पदाधिकारी एवं वरीय मृदा वैज्ञानिक, सिंचाई अनुसंधान केंद्र एवं पशुपालन वैज्ञानिक डॉ सुनील कुमार कृषि विज्ञान केंद्र के साथ साथ प्रखंड कृषि कार्यालय पुरैनी के कृषि कर्मियों द्वारा संयुक्त रूप से इसका उद्घाटन किया गया। 

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों में डॉ पंकज कुमार यादव प्रभारी पदाधिकारी एवं वरीय मृदा वैज्ञानिक सिंचाई अनुसंधान केंद्र मधेपुरा द्वारा उपस्थित किसानों को गेहूं, मक्का, सरसों की वैज्ञानिक खेती, फसल प्रबंधन, उन्नत कृषि तकनीक, संतुलित उर्वरक प्रयोग तथा फसल उत्पादन को बेहतर बनाने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। किसानों को खेत की मेड़बन्दी, समतलीकरण, केचुआ खाद, गोबर की खाद, सरसों की खली, नीम की खली, मृदा नमूना लेने की आवश्यकता, मिट्टी जांच के उपरांत संतुलित पोषक तत्वों के प्रबंधन के साथ साथ समेकित पोषक तत्व प्रबंधन पर विस्तार पूर्वक जानकारी प्रदान किया।

मृदा वैज्ञानिक डॉक्टर पंकज यादव ने किसानों से यूरिया का संतुलित मात्रा में प्रयोग करने की अपील की। क्योंकि फसलों की अधिक बढ़ावा के कारण रोग व्याधि का अधिक प्रकोप होता है और फसल बाली निकलने के बाद गिर जाता हैं। उन्होंने कहा कि यदि हमें गेहूँ की फसल का अधिक उत्पादन प्राप्त करना है तो वैज्ञानिक तकनीक से खेती करने की जरूरत है, क्यूंकि देश और प्रदेश की बढ़ती जनसंख्या को खाद्यान्न की आपूर्ति के लिए हम सभी की निर्भरता खेती पर ही है। विकास के साथ खेती योग्य जमीन लगातार कम होती जा रही है हम अपने खाद्यान्न की आवश्यकता की पूर्ति हेतु मिट्टी में असंतुलित उर्वरक का प्रयोग कर रहे हैं, हम कभी ये जानने का प्रयास नहीं करते कि हमारे पौधे को किन किन पोषक तत्वों की जरूरत है, जिस प्रकार हम लोगों को स्वस्थ रहने के लिए संतुलित आहार एवं पोषक तत्व की आवश्यकता होती है उसी प्रकार पौधों को भी स्वस्थ रहने के लिए संतुलित पोषक तत्वों की आपूर्ति के लिए खाद एवं उर्वरकों की आवश्यकता होती है। इसलिए आप सभी किसान भाइयों से अनुरोध है कि आप सभी खेती करने से पहले अपने खेत की मिट्टी की जाँच जरूर कराए तभी जाकर आपको पता चलेगा कि आपके खेत में किस पोषक तत्व की मात्रा कितना उपलब्ध है और आपकी फसल को कितना पोषक तत्वों की जरूरत है।

मिट्टी जांच के बाद आपको मृदा स्वास्थ्य कार्ड मिल जाएगा जिसमें उर्वरकों की वैज्ञानिक संस्तुति के साथ पूरी जानकारी प्रदान की जाती है। पौधों के लिए आवश्यक पोषक तत्वों पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि पौधों को अपने अच्छे विकास हेतु कुल 17 पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है हर तत्व का अपना अलग महत्व है जिसमें क्रमशः मुख्य पोषक तत्वों में कार्बन, हाइड्रोजन, ऑक्सीजन, नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटैशियम द्वितीयक पोषक तत्वों में कैल्सियम, मैग्नीशियम और सल्फर तथा सूक्ष्म पोषक तत्वों में जिंक, आयरन, बोरोन, कॉपर, मैंगनीज, मोलिब्डेनम, क्लोरीन और निकिल है। जिन पोषक तत्वों की आवश्यकता पौधों को 1 पीपीएम से अधिक तथा किलोगाम तक होती है उनको मुख्य पोषक तत्व तथा जिनकी मात्रा 1 पीपीएम से कम होती है उनको सूक्ष्म पोषक तत्व कहा जाता है। इसलिए आप सभी लोग खेती में मुख्य एवं सूक्ष्म पोषक तत्वों का संतुलित प्रयोग करें। हर पोषक तत्व का अपना अलग काम होता है इसलिए जिस पोषक तत्व की कमी होती है उसका ही प्रयोग जैसे नाइट्रोजन की कमी है तो नाइट्रोजन उर्वरक ही प्रयोग करें फास्फोरस का प्रयोग करके नाइट्रोजन की कमी को पूरा नहीं किया जा सकता है। 

गेहूं , मक्का एवं सरसों की खेती में सबसे पहले हमें अच्छा एवं गुणवत्ता पूर्वक बीज का चयन करना चाहिए। बीज जनित रोगों से बचाव हेतु 2 ग्राम कार्बेंडाजिम, 5 ग्राम ट्राइकोडर्मा से बीज शोधन कर दिया जाता है। रबी फसलों की बुवाई के समय पोषक तत्वों के प्रबंधन पर चर्चा करते हुए बताया कि बुवाई के कम से कम 15-20 दिन पहले 3-4 ट्रैक्टर ट्राली सड़ी हुई गोबर की खाद का प्रयोग करें। यदि उर्वरक प्रबंधन की बात करे तो किसान भाई प्रति एक एकड़ में 90-100 किलोग्राम यूरिया, 50-52 किलोगाम डी ए पी, 25-27 किलोगाम म्यूरेट ऑफ पोटास, 10 किलोगाम जिंक सल्फेट, 5-6 किलोगाम सल्फर, 1.5 -2.0 किलोगाम बोरोन का प्रयोग करें। डीएपी, म्यूरेट ऑफ पोटास, जिंक सल्फेट, सल्फर, बोरोन की पुरी मात्रा तथा यूरिया की 30 किलोगाम मात्रा को बुवाई के समय खेत में प्रयोग करें। बची हुई यूरिया में से 30-35 किलोग्राम यूरिया पहली सिंचाई बुवाई के 21-25 दिन बाद कल्ले निकलते समय तथा 30-35 किलोग्राम यूरिया दूसरी सिंचाई बुवाई के 40-45 दिन बाद प्रयोग करें, इस प्रकार किसान भाई उर्वरक का संतुलित प्रयोग करें। यदि आप अपने खेत की मिट्टी जांच कराए हैं तो वैज्ञानिक संस्तुति के आधार पर उर्वरक डालें। फसल में बाली निकलने एवं फूल आने के बाद किसी भी उर्वरक का प्रयोग नहीं करें, क्यूंकि यदि आप उर्वरकों का प्रयोग इस समय पर करते हैं तो फसल में दाना बनने की समस्या हो सकती है क्योंकि अधिक उर्वरक के कारण पौधे की पुनः वनस्पतिक वृद्धि होने लगती है।

उन्होंने की फसल में खरपतवार प्रबंधन पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि बुवाई के समय एवं 40-45 दिनों तक यदि हम खरपतवार का अच्छा प्रबंधन नहीं करते हैं तो जो उर्वरक हम रबी फसलों के खेत में डाले हैं उसका उपयोग खरपतवार द्वारा कर लिया जाता है और फसलों की वानस्पतिक वृद्धि अच्छी नहीं होती है और उत्पादन प्रभावित होता है। खरपतवार नाशी के प्रयोग के समय यह ध्यान रखें कि खेत में नमी अच्छी रहे। गेहूं एवं सरसों की रोपाई के तुरन्त बाद पेंडीमेथलीन की 1200-1500 मिलीलीटर मात्रा का प्रयोग प्रति एकड़ कर देना चाहिए। मक्का की फसल में खरपतवार नियंत्रण के लिए 1 किलोग्राम एट्राजिन नाम की दवा का उपयोग बुवाई के 24 घंटे के अंदर 200 लीटर पानी में घोल बना कर छिड़काव करें।

अ


डॉ सुनील कुमार पशुपालन वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केंद्र, मधेपुरा द्वारा उपस्थित किसानों को तकनीकी जानकारी प्रदान की गयी। उन्होंने वर्मिकंपोस्ट, गोबर की खाद, नाडेप कंपोस्ट बनाने एवं प्रयोग की विस्तार पूर्वक जानकारी प्रदान किया। प्रश्न उत्तर के दौरान किसानों के द्वारा बकरी पालन, गाय पालन, मुर्गी पालन से संबंधित प्रश्न पूछे गए जिनका उत्तर डॉ सुनील कुमार ने बेहतर उत्तर देकर संतुष्ट किया।

  

Related Articles

Post a comment