शीतकालीन सत्र की तैयारियों को लेकर वरीय पदाधिकारियों की बैठक, सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं सुचारू रूप से सुनिश्चित करने का विधानसभा अध्यक्ष ने दिया निर्देश

पटना: शुक्रवार को बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार की अध्यक्षता में 30 नवम्बर से प्रारंभ हो रहे अष्टादश बिहार विधान मंडल के आगामी शीतकालीन चतुर्थ सत्र के दौरान सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से वरीय पदाधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक अपराह्न 12:30 बजे विधान सभा स्थित वाचनालय में आयोजित हुई।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि आगामी सत्र अल्प अवधि का होते हुए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस पांच दिवसीय सत्र के सफल,सुचारू एवं गरिमामय संचालित हों, इसी उद्देश्य से तैयारियों की समीक्षा के लिए यह बैठक आयोजित की गई है। उन्होंने संबंधित विभागों को माननीय सदस्यों के प्रश्नों के उत्तर ससमय उपलब्ध कराने तथा समितियों की बैठकों में संबंधित विभाग के अपर मुख्य सचिव/प्रधान सचिव/सचिव की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

विधानसभा अध्यक्ष ने वरीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सदस्यों द्वारा जनहित के कार्यों के लिए किसी भी पदाधिकारी को फोन किए जाने पर त्वरित जवाब दिया जाए। किसी विभागीय बैठक में व्यस्त होने की स्थिति में बैठक के उपरांत वापस फोन करने की कार्य-संस्कृति विकसित की जाए। उन्होंने कहा कि विधायिका और कार्यपालिका के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है, ताकि जनहित के कार्यों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित हो सके। संसदीय कार्य विभाग को सदस्यों के प्रोटोकॉल संबंधी दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया। उन्होंने कहा कि सभा सचिवालय एवं सरकार के संबंधित विभागों के पदाधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर सभी कार्यों का समुचित निष्पादन करें।

मुख्यमंत्री सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने विधायिका के दायित्वों एवं कर्तव्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि सरकार दोनों सदनों की विधायी अपेक्षाओं के अनुरूप पारदर्शी तरीके से सकारात्मक सहयोग के लिए सदैव तत्पर है। विधानसभा अध्यक्ष ने विधान सभा एवं विधान परिषद् में अधिष्ठापित सीसीटीवी कैमरों की मरम्मती एवं सुचारू संचालन, सुरक्षा व्यवस्था तथा यातायात के निर्बाध संचालन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने विशिष्ट अतिथियों के वाहनों के लिए निर्धारित प्रवेश एवं निकास द्वारों, मंत्रीगण एवं सदस्यों के वाहनों की पार्किंग तथा विधानमंडल कर्मियों के लिए आंतरिक पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सत्रावधि में दर्शकों को समुचित जाँच के उपरांत प्रवेश देने, सुरक्षा की दृष्टि से सादे लिबास में पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति तथा सचिवालय के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों के रात्रिकालीन आवागमन की समुचित व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया।

उन्होंने विधान मंडल परिसर एवं विधायक आवासों, विशेषकर वीरचंद पटेल पथ स्थित नवनिर्मित सदस्यों के आवासों में साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही, नवनिर्मित आवासों के आसपास हरियाली विकसित करने के संबंध में किए गए कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने विधानमंडल कैंटीन के सुचारू संचालन एवं सुधा डेयरी की सामग्री की उपलब्धता, औषधालय में पर्याप्त चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति, आवश्यक दवाओं एवं एम्बुलेंस की व्यवस्था तथा माइक एवं फोटोग्राफी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

विधानसभा अध्यक्ष ने बिहार विधान सभा के सदस्यगण को जनविकास एवं जनसरोकार से जुड़े कार्यों के निष्पादन में सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से प्रखंड मुख्यालयों एवं जिला समाहरणालयों में एक-एक कक्ष आवंटित करने के संबंध में किए गए पत्राचार की अद्यतन स्थिति की भी जानकारी ली तथा इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक के दौरान अध्यक्ष ने बिहार विधान सभा की विभिन्न समितियों एवं संबंधित शाखाओं में लंबित मामलों की स्थिति की भी समीक्षा की। इस क्रम में लोक लेखा समिति में 2,550 कंडिकाएँ, सरकारी उपक्रमों संबंधी समिति में 495 कंडिकाएँ, राजकीय आश्वासन समिति में 23,477 आश्वासन, याचिका समिति में 364 याचिकाएँ, निवेदन समिति में 413 निवेदन, शून्यकाल समिति में 554 शून्यकाल तथा ध्यानाकर्षण समिति में 301 मामले लंबित होने की जानकारी दी गई। उन्होंने लंबित मामलों के समयबद्ध निष्पादन एवं संबंधित विभागों के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने निर्देशानुसार सभी व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। अंत में, बिहार विधान सभा के उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए शीतकालीन सत्र के सफल संचालन हेतु आपसी समन्वय एवं सहयोग के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। बैठक में बिहार विधान परिषद् के कार्यकारी सभापति प्रो (डॉ) रामवचन राय, उप मुख्यमंत्री सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, बिहार विधान सभा के उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव, अपर मुख्य सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग अरविन्द कुमार चौधरी, अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) रत्न संजय, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा, प्रभारी सचिव, बिहार विधान सभा संजय कुमार सिंह, सचिव, बिहार विधान परिषद् सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

  

Related Articles

Post a comment