तिरहुत कमिश्नर ने सुधा डेयरी प्लांट से निकल रहे जल के रोकथाम को लेकर की उच्च-स्तरीय बैठक, 50 सालो से चली आ रही है समस्या
- by Manjesh Kumar
- 23-Nov-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: तिरहुत आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को काँटी प्रखंड अंतर्गत सुधा डेयरी प्लांट से निकल रहे केमिकल-युक्त दूषित जल के रोकथाम हेतु उच्च-स्तरीय बैठक का आयोजन हुआ। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि लगभग 50 वर्षों से चली आ रही इस समस्या का प्रशासन के अथक प्रयास से तेजी से समाधान हो रहा है। डेयरी प्लांट से निकलने वाला पानी ट्रीटमेंट के बाद ही पाइपलाइन के माध्यम से फरदो नाला के समीप गिराया जाएगा। वहां वीबी जी राम जी योजना के तहत एक तालाब का भी निर्माण किया जाएगा। इससे मत्स्य पालन को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि उनके द्वारा जनहित के इस गंभीर विषय के विधिवत समाधान हेतु नियमित तौर पर बैठक की जा रही है। माननीय विधायक से भी सुझाव प्राप्त किया गया है। उन्होंने कहा कि विगत बैठक दिनांक 18.08.2026 को की गई थी। उसमें दिए गए निर्देशों का संबंधित अधिकारियों द्वारा अनुपालन किया गया है। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि सुधा डेयरी का अपशिष्ट पानी कई सालों से आस-पास के क्षेत्रों में बह रहा है। इससे लोगों को काफी समस्या होती है। कृषि के साथ-साथ रासायनिक पदार्थों यथा आर्सेनिक, क्लोराईड, फॉस्फेट इत्यादि से युक्त पानी के बहने से लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना रहती है। उन्होंने कहा कि यह मामला शीघ्र समाधान की ओर अग्रसर है।
प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि उनके द्वारा इस विषय पर त्वरित कार्रवाई हेतु क्षेत्र का पूर्व में निरीक्षण भी किया गया था। उन्होंने विगत बैठक के दरम्यान ही समस्या के समाधान के उद्देश्य से दो बहु-सदस्यीय कमिटी का निर्माण किया था। एक समिति उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में तथा दूसरी समिति अपर समाहर्त्ता की अध्यक्षता में गठित की गई थी। दोनों समितियों में सुधा डेयरी, तिमूल, एनएचएआई, बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पीएचईडी, रेलवे एवं अन्य विभागों के पदाधिकारीगण भी शामिल किए गए थे। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में गठित समिति द्वारा सुधा डेयरी से निकलने वाले पानी की गुणवत्ता एवं ट्रीटमेंट प्लांट की क्रियाशीलता का निरीक्षण की गई है।
पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता द्वारा बोरवेल के पानी का सैंपल लेकर इसमें केमिकल की मात्रा की जाँच की गई। अपर समाहर्त्ता की अध्यक्षता में गठित समिति ने सुधा डेयरी के जल निकासी हेतु उपयुक्त भूमि की उपलब्धता का सर्वे एवं आवश्यक कार्रवाई की है। प्रमंडलीय आयुक्त ने कहा कि दोनांे कमिटि द्वारा माननीय विधायक से नियमित तौर पर सम्पर्क स्थापित कर उनका सुझाव प्राप्त किया गया है। साथ ही सभी स्टेकहोल्डर्स से सार्थक संवाद एवं सुदृढ़ समन्वय स्थापित किया गया।
प्रमंडलीय आयुक्त ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि जिलावासियों को इस चिरकालीन समस्या का जल्द समाधान मिलेगा। इसके लिए सभी कार्रवाई की गई है। ईटीपी की कार्य क्षमता एवं अन्य विवरण से संबंधित तथा तिमूल डेयरी से फरदो नाला तक जल निकासी हेतु ड्रेनेज प्रणाली बनाने के संबंध में दोनों समितियों द्वारा तथ्यपरक एवं सारगर्भित प्रतिवेदन समर्पित किया गया है। आज बैठक में इन प्रतिवेदनों पर विस्तृत चर्चा की गई। तिमूल द्वारा दिये गये प्रस्तावित रूट का अंचलाधिकारी के स्तर से मानचित्रण कर प्रतिवेदन अपर जिला दंडाधिकारी (राजस्व) की अध्यक्षता में गठित समिति को दिया गया था। आज की बैठक में प्रस्तावित ड्रेनेज रूट की स्वीकृति के लिये विचार किया गया। सभी तथ्यों पर विचारोपरांत प्रस्तावित ड्रेनेज रूट को स्वीकृति प्रदान की गई। आयुक्त ने तिमूल के प्रबंध निदेशक को प्रस्तावित ड्रेनेज रूट का 1 माह के अंदर DPR बनाने का निर्देश दिया। इसपर एनएचएआई एवं रेलवे से भी एनओसी प्राप्त किया जाएगा।
बैठक में काँटी विधायक ने बताया कि तिरहुत दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, मुजफ्फरपुर के साथ-साथ अन्य होटल, रेस्टोरेंट आदि का पानी भी रैयती भूमि में जा रहा है। इस हेतु ड्रेनेज सिस्टम का विकास किया जाना है। बैठक में भविष्य की योजना को दृष्टिगत रखते हुए पाईप लाईन का निर्माण कराये जाने की बात कही गयी। साथ ही, पूर्व से एन.टी.पी.सी., काँटी एवं सुधा डेयरी, बरौनी आदि में हो रहे जल निकासी की व्यवस्था का निरीक्षण कर अथवा उनके पदाधिकारियों से सुझाव प्राप्त करने की बात कही गयी। इस संबंध में प्रमंडलीय आयुक्त द्वारा प्रबंध निदेशक, तिरहुत दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, मुजफ्फरपुर को आगामी 50 वर्षों की योजनाओं के आधार पर पाईपलाईन निर्माण कराने हेतु निर्देशित किया गया।
आयुक्त ने कहा कि तिमूल से निकलने वाले पानी का नियमानुसार प्रसंस्करण (ट्रीटमेंट) अनिवार्य है। हमलोगों का उद्देश्य है कि सुधा डेयरी से निकलने वाले पानी की समस्या के समाधान हेतु आवश्यक संरचनाओं का निर्माण जनवरी से प्रारंभ कर दिया जाए। सुधा डेयरी से जल निकासी की व्यवस्था सुदृढ़ की जा रही है। तिमूल के द्वारा अपने नये परिसर में पक्का तालाब का निर्माण कराया जा रहा है। प्रमंडलीय आयुक्त ने निदेश दिया कि प्रशासन, सुधा डेयरी, तिमूल, एनएचएआई, बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पीएचईडी, रेलवे एवं अन्य विभागों के पदाधिकारीगण आपस में समन्वय स्थापित कर मामले का स्थायी एवं दीर्घकालीन समाधान सुनिश्चित करने के लिए सजग, तत्पर एवं प्रतिबद्ध होकर आवश्यक कार्रवाई करें।
प्रमंडलीय आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पर्यावरण नियमों के उल्लंघन के विरूद्ध उनके द्वारा शून्य सहिष्णुता (जीरो टॉलरेन्स) की नीति का अक्षरशः अनुपालन किया जाता है। आम जनता के जीवन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें कांटी विधायक अजीत कुमार, उप विकास आयुक्त, मुजफ्फरपुर; अपर समाहर्त्ता, सुधा डेयरी-तिमूल, एनएचएआई, बिहार राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पीएचईडी, रेलवे एवं अन्य विभागों के पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment