नीतीश सेतु के दोबारा उद्घाटन पर प्रशांत किशोर का बीजेपी पर तंज, बोले- PM पद की गरिमा कम होती है
- by Raushan Pratyek Media
- 23-Nov-2026
- Views
नीतीश सेतु के दोबारा उद्घाटन पर प्रशांत किशोर का बीजेपी पर तंज, बोले- PM पद की गरिमा कम होती है
पटना: जन सुराज के सूत्रधार एवं बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर बिहार विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य सुरेश प्रसाद राय के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। समारोह के बाद मीडिया से बातचीत में प्रशांत किशोर ने नीतीश सेतु के दोबारा उद्घाटन को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि एक साल पहले उद्घाटन हो चुके पुल का दोबारा उद्घाटन करना प्रधानमंत्री पद की गरिमा को कम करता है।
MLC के शपथ ग्रहण पर क्या बोले प्रशांत किशोर?
बिहार विधान परिषद में नवनिर्वाचित सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर प्रशांत किशोर ने कहा कि यह एक संवैधानिक प्रक्रिया है। सभी नवनिर्वाचित सदस्य समारोह में शामिल हुए और उनकी शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी हुई।
उन्होंने सभी सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले समय में सभी जनप्रतिनिधि बिहार की बेहतरी, अपने मतदाताओं और अपने-अपने क्षेत्रों के विकास के लिए बेहतर काम करेंगे।
दो निर्दलीय MLC की सदस्यता के मामले पर कानूनी कार्रवाई के संकेत
दो निर्दलीय विधान परिषद सदस्यों के बीजेपी में शामिल होने और उनकी सदस्यता रद्द करने की मांग वाली याचिका खारिज होने के सवाल पर भी प्रशांत किशोर ने अपनी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि जन सुराज की ओर से विधिसम्मत कार्रवाई के लिए विधान परिषद के सभापति से आग्रह किया गया था। अब जानकारी मिल रही है कि सभापति ने किसी कारण से याचिका खारिज कर दी है। पार्टी इस मामले पर विचार करेगी और जो भी कानूनी रूप से उचित होगा, उसके अनुसार आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
नीतीश सेतु के दोबारा उद्घाटन पर बीजेपी को घेरा
नीतीश सेतु को लेकर आरजेडी के विरोध पर प्रशांत किशोर ने कहा कि विरोध केवल विरोध के लिए नहीं होना चाहिए। उनके मुताबिक इस पुल की परिकल्पना और निर्माण का श्रेय नीतीश कुमार को दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब इस पुल की योजना बनाई जा रही थी, उस समय न तो बीजेपी नीतीश कुमार के साथ थी और न ही आरजेडी। उन्होंने आरोप लगाया कि अब राजनीतिक दल इस पुल को लेकर क्रेडिट लेने की राजनीति कर रहे हैं।
प्रशांत किशोर ने दावा किया कि नीतीश सेतु का उद्घाटन नीतीश कुमार जुलाई 2025 में ही कर चुके हैं। इसके बावजूद बीजेपी प्रधानमंत्री को बुलाकर दोबारा उद्घाटन करा रही है। उन्होंने इसे दूसरे के किए हुए काम का श्रेय लेने की कोशिश बताया।
'दोबारा उद्घाटन करना प्रधानमंत्री पद की गरिमा को कम करता है'
प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश कुमार के नाम पर किसी पुल का नामकरण होने में कोई बुराई नहीं है। इससे आम लोगों को सुविधा मिलती है और विकास कार्यों का लाभ जनता तक पहुंचता है।
उन्होंने याद दिलाया कि जब नीतीश कुमार ने इस पुल का उद्घाटन किया था, उस समय सम्राट चौधरी और नितिन नवीन भी मंच पर मौजूद थे। ऐसे में जिस पुल का उद्घाटन पहले ही हो चुका है, उसका दोबारा उद्घाटन करना उचित नहीं है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि एक साल पहले उद्घाटन हो चुके पुल का दोबारा उद्घाटन करना प्रधानमंत्री पद की गरिमा को कम करता है।
इस मौके पर जन सुराज के वरिष्ठ नेता सुभाष कुशवाहा, रामबली चंद्रवंशी, बब्बन यादव समेत पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Post a comment