विद्यालय के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करने पहुंची विधायक को छात्र छात्राओं ने घेरा, बताई अपनी समस्याएं, MLA ने कहा...
- by Manjesh Kumar
- 30-Apr-2026
- Views
कटिहार: गुरुवार को एक स्कूल परिसर में नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करने पहुंची विधायक को छात्रों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। इस दौरान छात्रों ने जम कर हंगामा किया और विधायक के सामने स्कूल की कुव्यवस्थाओं की शिकायत की। हालांकि छात्रों की शिकायत पर विधायक ने उन्हें आश्वासन दिया कि विद्यालय में व्याप्त सारी कमियों को दूर किया जाएगा। विधायक ने कहा कि मुझे इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि स्कूल में छात्र इतनी परेशानी झेल कर पढ़ते हैं। शिक्षा में किसी भी प्रकार की कुव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मैं इस मामले में खुद ही जिला शिक्षा पदाधिकारी से बात करूंगी और बच्चों के लिए हर आवश्यक सुविधाएं बहाल करवाऊंगी। मामला कटिहार के आजमनगर प्रखंड अंतर्गत पलसा प्लस टू उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय का है जहां गुरुवार को स्थानीय विधायक निशा सिंह नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करने पहुंचे थे और इसी दौरान छात्रों ने उन्हें घेर लिया तथा जम कर हंगामा किया।
छात्रों ने विधायक निशा सिंह के सामने हंगामा करते हुए कहा कि कक्षाओं में पंखे नहीं लगे हैं या अगर लगे भी हैं तो काम नहीं करते हैं। भीषण गर्मी में हमलोग पढ़ने को मजबूर हैं। इसके साथ ही छात्राओं ने शिकायत की कि विद्यालय के शौचालय भी बंद रहते हैं जिससे शौच छात्र खास कर छात्राओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सभी छात्रों को मजबूरी में बाहर खुले में जाना पड़ता है। छात्रों के हंगामा की वजह से स्कूल में कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल हो गया। हालांकि विधायक निशा सिंह ने खुद ही छात्रों को शांत करवाया और उनकी समस्याएं सुनने के बाद कहा कि सभी समस्याओं का समाधान मैं बहुत जल्द करवाऊंगी। उन्होंने कहा कि मैं जिला शिक्षा पदाधिकारी से बात कर इन मुद्दों को रखूंगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विधायक ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी शिक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों ने मांग की कि विद्यालय में जल्द से जल्द पंखा, शौचालय सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि बच्चों को बेहतर माहौल में शिक्षा मिल सके।
कटिहार से जयप्रकाश भगत की रिपोर्ट


Post a comment