तो मोदी के हनुमान चिराग शामिल होंगे विपक्ष में? पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने दिया बड़ा ऑफर
- by Manjesh Kumar
- 14-Oct-2026
- Views
पटना: बुधवार को पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने राजधानी पटना में राज्यपाल से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य में कुव्यवस्थाओं का आरोप लगाते हुए राज्यपाल से हस्तक्षेप की मांग की। राज्यपाल से मुलाकात के बाद सांसद पप्पू यादव ने मीडिया से बात करते हुए एनडीए की सरकार पर कई आरोप लगाए। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को भी बड़ा ऑफर दिया। पप्पू यादव ने कहा कि चिराग अपनी ही सरकार से परेशान हैं, उन्हें हमारे साथ आ जाना चाहिए।
पप्पू यादव ने सुरक्षा व्यवस्था, सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर नावों पर लाइफ जैकेट, सरकारी नाव और एसडीआरएफ की टीम की उपलब्धता को सुनिश्चित क्यों नहीं कराई गई। राघोपुर में नाव हादसे में पीड़ित परिजनों के लिए सांसद ने 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की। इतना ही नहीं, बाढ़ के दौरान बांध टूटने और पुलों के क्षतिग्रस्त होने पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने सीधा पुलों के निर्माण कंपनियों और अधिकारियों को लापरवाह और जिम्मेदार बताया। इस दौरान बाढ़ पीड़ित लोगों की भी सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की इसके अलावा डोमिसाइल के मुद्दे पर भी पप्पू यादव ने राज्यपाल से बातचीत की।


Post a comment