विधान परिषद चुनाव को लेकर सीएम सम्राट ने एनडीए विधान मंडल दल के साथ की बैठक, यहां भी दिखा अनंत का बगावती सुर
- by Manjesh Kumar
- 09-Oct-2026
- Views
पटना: बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर चुनाव को लेकर राज्य में सियासी गहमागहमी काफी तेज है। चुनावी रणनीति को लेकर शुक्रवार को सीएम सम्राट ने एनडीए विधान मंडल दल की बैठक बुलाई। सीएम सम्राट के आवास पर आयोजित बैठक में एनडीए के सभी घटक दलों के विधायक, विधान पार्षद समेत अन्य वरिष्ठ नेता शामिल हुए और गठबंधन के उम्मीदवारों के जीत को लेकर चर्चा की। बैठक में सीएम सम्राट समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने एनडीए को एकजुटता के साथ चुनाव प्रचार करने और अन्य रणनीतियों पर काम करने का निर्देश दिया।
एनडीए की बैठक में अनंत का बगावती सुर
बैठक में मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह भी शामिल होने पहुंचे थे। एनडीए विधानमंडल दल की बैठक में भी अनंत सिंह का सुर नीरज कुमार के विरोध में ही रहा। उन्होंने एक बार फिर साफ शब्दों में कहा कि वह जन सुराज प्रत्याशी अनुज सिंह का ही समर्थन करेंगे और नीरज कुमार को हराएंगे। इसके साथ ही रालोमो के विधायक आलोक सिंह, रामेश्वर महतो और माधव आनंद भी चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। सारण स्नातक सीट से रालोमो के राम पुकार सिन्हा ने पार्टी से अलग जाकर निर्दलीय नामांकन किया है, जिनके पर्चा दाखिल करने के वक्त ये तीनों विधायक मौजूद थे। दरभंगा स्नातक सीट से बीजेपी के आदित्य कुमार झा ने भी बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया है।
एनडीए के सभी घटक दल एकजुट
बैठक से बाहर निकलने के बाद विधायकों और विधान पार्षदों ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं ने चुनाव में जीत के लिए कई रणनीतियाँ साझा की और कई निर्देश भी दिए। इसके साथ सीएम सम्राट ने बैठक में बागी विधायकों को कड़ी चेतावनी भी दी कि अगर चुनाव में किसी तरह की गड़बड़ी करने और गठबंधन विरोधी गतिविधियों में शामिल हुए तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक के बाद शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि एनडीए एकजुट है। हम लोग सभी सीट पर चुनाव जीतेंगे। ग्रामीण विकास सह सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि जो कोई भी अधिकृत प्रत्याशी का विरोध करेगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर एनडीए पूरी तरह एकजुट है। एनडीए विधानमंडल दल की बैठक समय-समय पर होती रहती है। संजय सरावगी ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एनडीए विधानमंडल दल के नेता हैं और उन्हीं की अध्यक्षता में बैठक होती है। चुनाव का समय है, इसलिए स्वाभाविक रूप से विधान परिषद चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि एनडीए में किसी तरह का मतभेद नहीं है। पांचों दल मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं और जदयू के चार तथा भाजपा के चार प्रत्याशियों समेत सभी आठ प्रत्याशियों के लिए एनडीए एकजुट होकर मैदान में है।


Post a comment