रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष से मुलाकात कर पूर्णिया सांसद ने उठाई कई मांग, कहा 'पूर्णिया से भागलपुर के लिए चलाई जाए विशेष ट्रेन'
- by Manjesh Kumar
- 16-May-2026
- Views
पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष से मुलाकात कर सौंपा विस्तृत ज्ञापन, सीमांचल-कोसी की समस्याओं को उठाया। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत निर्माण कार्य में अनियमितता को रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष के समक्ष रखा। पूर्णिया से भागलपुर तक विशेष ट्रेन की हो अविलंब व्यवस्था : पप्पू यादव।
नई दिल्ली: नई दिल्ली स्थित रेल भवन में शनिवार को पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार से मुलाकात कर सीमांचल और कोसी क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण रेल मुद्दों पर विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने के बाद उत्पन्न गंभीर स्थिति को देखते हुए पूर्णिया से भागलपुर तक विशेष रेल सेवा शुरू करने की प्रमुख मांग उठाई। सांसद पप्पू यादव ने कहा कि विक्रमशिला सेतु का हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गंगा नदी में गिर जाने के बाद सीमांचल और कोसी क्षेत्र के लाखों लोगों का भागलपुर से संपर्क लगभग प्रभावित हो गया है। कटिहार, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जैसे जिलों के विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों, मरीजों और नौकरीपेशा लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष को बताया कि वर्तमान में प्रशासन द्वारा नाव और वैकल्पिक सड़क मार्ग की व्यवस्था की गई है, लेकिन वह पर्याप्त नहीं है। परीक्षा देने जा रहे छात्रों, अस्पताल जाने वाले मरीजों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों के लिए स्थिति बेहद कठिन हो चुकी है। ऐसे में रेलवे ही सबसे भरोसेमंद और सुरक्षित विकल्प बन सकता है। सांसद ने मांग की कि पूर्णिया कोर्ट/पूर्णिया से मधेपुरा-सहरसा-खगड़िया-मुंगेर होते हुए भागलपुर तक तत्काल विशेष राहत रेल सेवा शुरू की जाए। उन्होंने कहा कि यदि नियमित ट्रेन सेवा तुरंत संभव नहीं हो तो परीक्षा और आपातकालीन परिस्थितियों को देखते हुए स्पेशल ट्रेन चलाई जाए। साथ ही यात्रियों की सुविधा के अनुसार समय निर्धारण करने, अतिरिक्त कोच लगाने, महिला एवं दिव्यांग यात्रियों की विशेष सुविधा सुनिश्चित करने का भी आग्रह किया।
पप्पू यादव ने रेलवे बोर्ड से यह भी मांग की कि सीमांचल और कोसी क्षेत्र के प्रमुख स्टेशनों कटिहार, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, सुपौल, मधेपुरा और सहरसा को भागलपुर से जोड़ने के लिए समन्वित रेल कनेक्टिविटी विकसित की जाए। उन्होंने कहा कि विक्रमशिला सेतु केवल एक पुल नहीं बल्कि उत्तर बिहार और सीमांचल की जीवनरेखा है, जिसके बाधित होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और कृषि व्यवस्था पर गहरा असर पड़ा है। मुलाकात के दौरान सांसद ने बनमनखी जंक्शन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों में गंभीर अनियमितताओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि स्टेशन पर घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया गया है और पहली ही बारिश में छत से पानी टपकने लगा। कई कार्य अधूरे हैं तथा यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मानकों की अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने मांग की कि बनमनखी स्टेशन पर हुए सभी निर्माण कार्यों का उच्चस्तरीय तकनीकी ऑडिट कराया जाए। साथ ही संबंधित एजेंसी, ठेके, भुगतान, कार्य आदेश, सामग्री परीक्षण और गुणवत्ता रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। सांसद ने दोषी अधिकारियों और एजेंसियों पर कार्रवाई की भी मांग की। सांसद पप्पू यादव ने पूर्णिया स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करने की मांग भी रेलवे बोर्ड अध्यक्ष के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि पूर्णिया स्टेशन से रेलवे को प्रतिदिन भारी राजस्व प्राप्त होता है, इसके बावजूद इसे अब तक योजना में शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने स्टेशन पर आधुनिक यात्री सुविधाएं, बेहतर प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, लिफ्ट, एस्केलेटर, पार्किंग, बाउंड्री वॉल और वाशिंग पिट के निर्माण की आवश्यकता बताई।
इसके अलावा सांसद ने पूर्णिया-फारबिसगंज-जोगबनी रेल खंड पर चल रहे निर्माण कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि “BB Build/बीवी बिल्ड” नामक एजेंसी द्वारा किए जा रहे कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने थर्ड पार्टी क्वालिटी टेस्ट, तकनीकी जांच और भुगतान रोकने की मांग की। मुलाकात के बाद सांसद पप्पू यादव ने कहा कि सीमांचल और कोसी क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को लेकर वे लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा, सुरक्षा और क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दों पर वे किसी भी स्तर तक आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेलवे बोर्ड जनता की परेशानियों को गंभीरता से लेते हुए जल्द सकारात्मक निर्णय करेगा।


Post a comment