पटना विश्वविद्यालय परिसर में बम धमाका से अफरातफरी, पुलिस जुटी जांच में...

पटना: राजधानी पटना में स्थित पटना विश्वविद्यालय एक तो अपने ऐतिहासिक उपलब्धियों के लिए जाना जाता है तो दूसरी तरफ आपराधिक घटनाओं को लेकर भी अक्सर चर्चा में रहता है। एक बार फिर पटना विश्वविद्यालय परिसर बम धमाकों की वजह से दहल उठा जिससे छात्रों में अफरातफरी का माहौल हो गया। हालांकि घटना में किसी तरह की कोई हताहत की जानकारी नहीं है वहीं पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुट गई। जानकारी के अनुसार पटना विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के समीप शनिवार को सुतली बम धमाका हुआ। धमाके की तेज आवाज के बाद परिसर में मौजूद छात्रों के बीच अफरातफरी और दहशत का माहौल हो गया।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पीरबहोर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास की स्थिति की जानकारी ली  फिलहाल धमाका किस तरह और किसने किया, इसे लेकर जांच जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सुतली बम कैंपस में किसने फेंका था। इसके लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस कैमरों से घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है।

टाउन डीएसपी राजेश रंजन ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस की जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सुतली बम कैंपस में कैसे पहुंचा और इसे किसने फेंका। फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज समेत दूसरे बिंदुओं की जांच कर रही है। मौके पर FSL की टीम भी पहुंचकर जांच कर रही है। पीरबहोर थाने के SHO राजकुमार सिंह ने बताया कि आज करीब 12 बजे अशोक राजपथ वाले डबल डेकर पुल से शरारती तत्वों ने पटना यूनिवर्सिटी कैंपस में सुतली बम फेंका, जिसके बाद तेज आवाज के साथ धमाका हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अब CCTV फुटेज के जरिए सुतली बम फेंकने वाले शरारती तत्व की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई करने में जुटी है।

  

Related Articles

Post a comment