कुर्की के डर से बेटी का हत्यारा पिता ने किया सरेंडर, प्रेम प्रसंग से नाराजगी में 2 वर्ष पहले किया था कांड
- by Manjesh Kumar
- 06-Sep-2026
- Views
शेखपुरा: जिले के चर्चित प्रेम प्रसंग और बेटी की हत्याकांड मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे आरोपी पिता बच्चनदेव चौहान ने रविवार को शेखपुरा नगर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में शेखपुरा जेल भेज दिया। मामले में एक सप्ताह पूर्व मृतका की मां अनिता देवी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है, जो शिक्षिका भी रही है जबकि आरोपी भाई शुभम कुमार अब भी फरार है। नगर थाना क्षेत्र के कमासी गांव में 25 नवंबर 2024 को चंचला कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी।
पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद माता-पिता और भाई को आरोपी बनाया गया था। जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि रविवार को कोर्ट के आदेश पर आरोपी के घर कुर्की की कार्रवाई की तैयारी चल रही थी। इसी दबाव में बच्चनदेव चौहान ने थाना पहुंचकर सरेंडर कर दिया। बताया जाता है कि डाक विभाग में बीपीएम पद पर कार्यरत चंचला ने कोरमा निवासी राहुल कुमार से प्रेम विवाह किया था, जिससे परिजन नाराज थे। दोनों की सामाजिक शादी 4 दिसंबर को होनी थी, लेकिन उससे पहले ही चंचला की हत्या कर दी गई। आरोप है कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश भी हुई थी। राहुल ने बताया कि वह आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अधिकारियों के चक्कर लगाता रहा। नए एसपी हिमांशु के आने के बाद कार्रवाई तेज हुई और अब पुलिस फरार भाई की तलाश में जुटी है।


Post a comment