बल्दीराय में संपूर्ण समाधान दिवस: डीएम ने सुनीं 70 शिकायतें, 6 का मौके पर निस्तारण

सुल्तानपुर (उप्र): जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की अध्यक्षता में तहसील बल्दीराय में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल और मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने जनसामान्य की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 70 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 06 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर निर्धारित समय में प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए।

सर्वाधिक शिकायतें राजस्व, मुआवजा और विद्युत विभाग से संबंधित रहीं। जिलाधिकारी ने कहा कि निस्तारण केवल औपचारिकता न रहे, शिकायतकर्ता को वास्तविक समाधान और पूर्ण संतुष्टि मिलनी चाहिए। भूमि विवाद के मामलों में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करे और निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करे। मुआवजा मामलों में पात्र व्यक्तियों को नियमानुसार समयबद्ध लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को खेतों में पोल और तारों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया, ताकि किसी भी दुर्घटना की आशंका न रहे। लापरवाही से हादसा होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण, खनिजों के परिवहन की निगरानी और ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील स्थानों पर नियमित निरीक्षण और प्रवर्तन कार्रवाई की जाए। निर्वाचन और जनगणना कार्यों में लगे अधिकारियों-कर्मचारियों को पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी से कार्य करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्व-गणना के प्रति लोगों को जागरूक करने और जनगणना-2027 को जनपद में प्रभावी बनाने के लिए सभी विभागों को मिलकर कार्य करने को कहा।

दीपावली के अवसर पर जिलाधिकारी ने तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक और लेखपालों से आत्मीय मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हम सभी जनसेवक हैं और जनसेवा ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी-कर्मचारी ईमानदारी, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी से कार्य करते हुए आमजन को शासन की योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराएं। इस दौरान जिलाधिकारी ने परिसर में लगे विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन भी किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, एसडीएम बल्दीराय, बेसिक शिक्षा अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

  

Related Articles

Post a comment