आज बिहार दौरे पर आयेंगे PM मोदी, नीतीश सेतु समेत 103 परियोजनाओं की देंगे सौगात
- by Manjesh Kumar
- 21-Nov-2026
- Views
पटना: बिहार की धरती पर आज एक बार फिर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन होने जा रहा है। प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर वैशाली में तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन से लेकर एनडीए के नेताओं और कार्यकर्ताओं तक में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। माना जा रहा है कि इस कार्यक्रम में लाखों की संख्या में लोग पहुंच सकते हैं। उनके स्वागत के लिए राजापाकर प्रखंड के जाफरपट्टी स्थित जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र में करीब 20 लाख वर्गफीट में विशाल सभा स्थल तैयार किया गया है। यहां सुरक्षा से लेकर पेयजल, स्वास्थ्य, पार्किंग और यातायात तक के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
लेकिन प्रधानमंत्री के इस दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण नीतीश सेतु का लोकार्पण होने जा रहा है। इसके साथ ही जंदाहा-राजापाकर-महुआ औद्योगिक क्षेत्र का शिलान्यास भी किया जाएगा। इन परियोजनाओं से वैशाली समेत आसपास के जिलों में विकास और औद्योगिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर रुस्तमपुर पहुंचेंगे। यहां नीतीश सेतु का लोकार्पण करने के बाद सड़क मार्ग से पुल पार करते हुए जाफरपट्टी स्थित जनसभा स्थल पहुंचेंगे। इस दौरान वे खुले वाहन से लोगों का अभिवादन भी स्वीकार करेंगे। इसके बाद विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 3 बजकर 15 मिनट पर उनके प्रस्थान का कार्यक्रम निर्धारित है।
वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरे वैशाली जिले को हाई अलर्ट पर रखा गया है। 20 हजार से अधिक सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। मंच, हेलीपैड और आसपास के इलाकों की निगरानी एसपीजी कर रही है। रुस्तमपुर स्थित नीतीश सेतु के लोकार्पण स्थल से लेकर गंगा नदी और सभा स्थल तक सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश के लिए 100 डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) लगाए गए हैं। वहीं, गंगा नदी में एसडीआरएफ की टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है।


Post a comment