नगर निगम की स्थायी बैठक में गूंजा विकास का मुद्दा, पार्षदों की मांग पर मेयर ने कहा...
- by Manjesh Kumar
- 20-May-2026
- Views
पूर्णिया: मेयर विभा कुमारी की अध्यक्षता में नगर निगम सभागार में नगर निगम बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक की गई इसमें शहर के विकास, साफ-सफाई, जलजमाव, वेंडिंग जोन, किसान शेड, स्ट्रीट लाइट, अवैध होर्डिंग्स तथा विभिन्न विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की शुरुआत में महापौर ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों एवं उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि नगर निगम शहरवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
बैठक के दौरान वार्ड पार्षद अंजनी साह ने खुश्कीबाग वेंडिंग जोन निर्माण में दो वर्षों से हो रही देरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यह योजना हजारों फुटपाथ दुकानदारों की आजीविका से जुड़ी हुई है, इसलिए निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए तथा अन्य वार्डों में भी नए वेंडिंग जोन विकसित किए जाएं। इसके साथ ही खुश्कीबाग हाट स्थित किसान शेड की जर्जर स्थिति पर भी चिंता जताते हुए आधुनिक किसान शेड निर्माण की मांग की गई। नगर आयुक्त कुमार मंगलम ने बताया कि खुश्कीबाग में स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना के तहत नाला निर्माण भी प्रस्तावित है। जमीन की नापी में देरी के कारण कार्य लंबित था, लेकिन अब नापी पूरी करा ली गई है और जल्द ही वेंडिंग जोन निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मधुबनी, भट्ठा बाजार और रजनी चौक सहित अन्य स्थानों पर भी वेंडिंग जोन निर्माण की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
बैठक में पार्षदों ने अतिक्रमण हटाने के दौरान होने वाली परेशानियों का मुद्दा भी उठाया। इस पर नगर आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि पार्षद स्वयं अतिक्रमण नहीं हटवाएं बल्कि सूची उपलब्ध कराएं। प्रशासनिक सहयोग से एसडीओ के माध्यम से कार्रवाई कराई जाएगी। शहर में जलजमाव की गंभीर समस्या को लेकर वुडको की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए गए। पार्षदों ने कहा कि अक्टूबर 2023 में पांच बड़े नालों का टेंडर होने और फरवरी 2024 में एजेंसी को कार्य आवंटित होने के बावजूद धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ है। संवेदक का इकरारनामा रद्द कर उसे ब्लैकलिस्ट करने तथा पुनः निविदा प्रक्रिया शुरू करने की मांग उठाई गई। वार्ड पार्षद राजीव रंजन उर्फ बबलू सहाय ने कहा कि स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज निर्माण के दौरान निकाली जा रही मिट्टी की जांच होनी चाहिए। इस पर नगर आयुक्त ने जांच कराने का आश्वासन दिया। बैठक में शहर की साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, स्ट्रीट लाइट और सार्वजनिक शौचालयों की व्यवस्था को दुरुस्त करने पर जोर दिया गया। नगर निगम की आय बढ़ाने तथा अवैध होर्डिंग्स पर कार्रवाई को लेकर भी चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि नगर निगम क्षेत्र में लगे सभी अवैध होर्डिंग्स का एक सप्ताह के भीतर पंजीकरण कराया जाए, अन्यथा उन्हें हटाया जाएगा।
विकास योजनाओं की निविदा बार-बार रद्द होने पर भी पार्षदों ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि इससे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और बरसात में सड़कों व गलियों में गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। महापौर विभा कुमारी ने कहा कि पूर्णिया तेजी से महानगर बनने की ओर अग्रसर है और इसके लिए सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में उन्होंने बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा से मुलाकात कर स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज सिस्टम के निर्माण में हो रही देरी, जलजमाव की समस्या तथा शेष 33 नालों की प्रशासनिक स्वीकृति का मुद्दा उठाया है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में स्वीकृत पांच बड़े नाले समस्या के समाधान के लिए पर्याप्त नहीं हैं। महापौर ने कहा कि 15 लाख रुपये से कम की योजनाओं के विभागीय क्रियान्वयन बंद होने से छोटे विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। इस पर नगर आयुक्त द्वारा बताया गया कि तत्काल एक लाख रुपये तक की योजनाओं का कार्य विभागीय स्तर पर कराया जा सकता है, जिसे पार्षदों ने नाकाफी बताया। इस दौरान वार्ड पार्षद भोला कुशवाहा ने सभी वार्डों में कम से कम पांच छोटी योजनाएं देने की मांग रखी।
बैठक में शहर के सौंदर्यीकरण को लेकर भी कई प्रस्ताव आए। वार्ड संख्या 2 स्थित भगवती स्थान, वार्ड 17 के गुड्डू पोखर, मधुबनी पोखर, वार्ड 7 के पोखर तथा वार्ड 39 के कुएं के सौंदर्यीकरण की मांग की गई। पार्षदों ने कहा कि संबंधित भूमि स्वामियों से अनापत्ति प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया जाएगा।वार्ड पार्षद स्वप्न घोष ने नगर निगम क्षेत्र में स्वागत द्वार निर्माण का मुद्दा उठाया। इस पर नगर आयुक्त ने कहा कि एनएचआई से एनओसी मिलने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा। बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि नगर निगम क्षेत्र के बड़े बाजारों में मल्टीप्लेक्स निर्माण की योजना पर काम किया जा रहा है, जिससे शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ नगर निगम की आय में भी वृद्धि होगी। बैठक में मुख्य रूप से उप महापौर पल्लवी गुप्ता, नगर आयुक्त कुमार मंगलम, उप नगर आयुक्त विजय प्रताप सिंह, सिटी मैनेजर पवन कुमार पवन सहित सभी वार्डों के पार्षद उपस्थित थे।


Post a comment