पूर्णिया विश्वविद्यालय अंतर्गत सभी कॉलेज के प्रिंसिपल की बैठक, कुलपति ने कहा 'शैक्षणिक कार्य हो उत्कृष्ट'

पूर्णिया: पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो विवेकानंद सिंह की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में नवस्थापित 21 अंगीभूत महाविद्यालयों के प्राचार्यों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्यों ने भाग लिया तथा अपने-अपने संस्थानों की वर्तमान शैक्षणिक एवं प्रशासनिक आवश्यकताओं, चुनौतियों तथा समस्याओं से विश्वविद्यालय प्रशासन को अवगत कराया।

बैठक के दौरान प्राचार्यों ने महाविद्यालयों में शैक्षणिक गतिविधियों के सुचारु संचालन, आधारभूत संरचनाओं की उपलब्धता, मानव संसाधन की आवश्यकता तथा अन्य प्रशासनिक विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। कुलपति ने सभी प्राचार्यों की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना और उनकी समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान का आश्वासन दिया। कुलपति प्रो विवेकानंद सिंह ने कहा कि नवस्थापित 21 महाविद्यालयों में 1 जुलाई से स्नातक प्रथम सेमेस्टर की पढ़ाई प्रारंभ होना सुनिश्चित किया जाना है। इसके लिए आवश्यक शैक्षणिक एवं आधारभूत संसाधनों की उपलब्धता समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जा रही है।

उन्होंने बताया कि महाविद्यालयों के लिए बेंच-डेस्क, ब्लैकबोर्ड, चॉक, डस्टर, कुर्सियाँ, सहित अन्य आवश्यक सामग्री की खरीद एवं आपूर्ति की प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी कर ली जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सभी नवस्थापित महाविद्यालयों में आवश्यक आधारभूत संरचनाओं की उपलब्धता शीघ्र सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही तत्काल आवश्यकता को देखते हुए प्रत्येक महाविद्यालय में एक शिक्षक, एक गैर-शैक्षणिक कर्मचारी तथा दो से तीन बहुउद्देशीय (मल्टीटास्किंग) कर्मियों की प्रतिनियुक्ति/नियोजन की आवश्यकता पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई तथा सभी प्राचार्यों ने विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

  

Related Articles

Post a comment