ग्रामीण सड़कों की नियमित मॉनिटरिंग और बेहतर रख-रखाव सुनिश्चित करें: मुख्यमंत्री

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को लोक सेवक आवास स्थित 'संकल्प सभागार' में ग्रामीण कार्य विभाग के अन्तर्गत कार्यान्वित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्यों को ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने ग्रामीण कार्य विभाग के अन्तर्गत कार्यान्वित योजनायें एवं भविष्य की योजनाओं को लेकर प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री ग्राम सम्पर्क योजना, मुख्यमंत्री ग्राम सम्पर्क योजना (अवशेष), मुख्यमंत्री ग्रामीण सेतु योजना, सुलभ सम्पर्कता योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना सहित ग्रामीण सड़कों के सुदृढ़ीकरण एवं प्रबंधन को लेकर विस्तृत जानकारी दी।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव के विकास और जनसुविधाओं को गति देना हमारी प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क निर्माण, पुल निर्माण, बुनियादी ढांचे और ग्रामीण कार्य विभाग से जुड़ी अन्य योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से ससमय पूर्ण करने से ग्रग्रीमण क्षेत्रों में लोगों को सहूलियत तो होती है साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति मिलती है। हमलोगों की सरकार शुरू से ही ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को प्राथमिकता रखते हुये कार्य कर रही है। ग्रामीण पथों के निर्माण एवं रख-रखाव को लेकर राज्य सरकार बड़ी राशि खर्च कर रही है। गांव में सुलभ सम्पर्कता बनी रही, इसके लिये ग्रामीण कार्य विभाग पथों की लगातार मॉनीटरिंग कराये। बाढ़ के दौरान क्षतिग्रस्त हुये पुल-पुलियों, सड़कों का आंकलन कराकर मरम्मती कार्य तेजी से पूर्ण करें ताकि लोगों का आवागमन सुगम हो सके। ग्रामीण कार्य विभाग के अन्तर्गत जो भी योजनायें ली गयी हैं, सभी को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पथों का रख-रखाव बहुत जरूरी है, इसे मेंटेन रखें। ग्रामीण पथों को हेवी ट्रैफिक से बचाना होगा।

बैठक में ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, वित्त विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, ग्रामीण कार्य विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

  

Related Articles

Post a comment