सहरसा सदर अस्पताल में पत्रकार की पिटाई मामले में WJAI ने स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर की कार्रवाई की मांग, संगठन की मांग पर राज्य स्तरीय जांच कमिटी गठित करने का दिया निर्देश
- by Manjesh Kumar
- 14-Sep-2026
- Views
सहरसा में पत्रकार पर हमले के मामले को लेकर WJAI बिहार कमिटी ने मंत्री को सौंपा ज्ञापन। WJAI बिहार ने सहरसा में पत्रकार पर हुए हमले के खिलाफ मंत्री को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग
पटना: सहरसा में पत्रकार के साथ हुई कथित मारपीट एवं हमले की घटना को लेकर वेब जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (WJAI), बिहार कमिटी ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। मामले में आवश्यक कार्रवाई की मांग को लेकर WJAI बिहार कमिटी की पांच सदस्यीय टीम ने प्रदेश महासचिव सागर कुमार के नेतृत्व में बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत तथा सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महासचिव सागर कुमार, प्रदेश कोषाध्यक्ष रत्नेश कुमार, प्रदेश सचिव राजकमल, प्रदेश संयुक्त सचिव आदित्य कुमार शामिल थे।
WJAI प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के समक्ष पत्रकार पर हुए हमले की घटना को गंभीरता से रखते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण है और पत्रकारों के साथ किसी भी प्रकार की हिंसा या दबाव की घटना स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए चिंता का विषय है। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने संबंधित मामले में पीड़ित पत्रकार को न्याय दिलाने तथा भविष्य में पत्रकारों के साथ इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। WJAI बिहार कमिटी के प्रदेश महासचिव सागर कुमार ने कहा कि पत्रकार अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए समाज के विभिन्न मुद्दों को सामने लाते हैं। ऐसे में पत्रकारों के साथ होने वाली हिंसा या उत्पीड़न की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों को लेकर लगातार अपनी आवाज उठाता रहेगा। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से आग्रह किया कि मामले में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए पीड़ित पत्रकार को उचित न्याय एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाए।
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने मामला के संज्ञान में होने तथा जिलाधिकारी के स्तर जांच प्रक्रिया जारी होने की बात कही। इस दौरान उन्होंने प्रतिनिधिमंडल के अनुरोध पर राज्य स्वास्थ्य समिति के निदेशक अमित कुमार पांडेय को 24 घंटे के अंदर प्रदेश स्तरीय जांच कमिटी गठित करने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जायेगी। वहीं मंत्री श्रवण कुमार को ज्ञापन सौंपने के दौरान WJAI बिहार कमिटी के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्य मौजूद रहे। संगठन ने उम्मीद जताई कि सरकार एवं संबंधित प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।


Post a comment