पारस अस्पताल में इलाज के दौरान किशोर की मौत, परिजनों ने सड़क जाम कर की गाड़ियों में तोड़फोड़

पटना: बड़ी खबर राजधानी पटना से है जहां स्थित पारस अस्पताल में इलाज के दौरान एक किशोर की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और जम कर हंगामा किया। परिजनों ने शव को सड़क पर रख दिया और हंगामा करने लगे। इस दौरान परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया साथ ही पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाये। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने कई गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई।

घटना के संबंध में लोगों ने बताया कि बीते दिन क्रिकेट खेलने के दौरान बच्चों के बीच कुछ विवाद हुआ था और इसी दौरान एक दारोगा के बेटे ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिल कर बच्चा के सर पर बैट से जोरदार तरीके से मार दिया था। चोट लगने की वजह से किशोर गंभीर रूप से जख्मी हो गया जिसे इलाज के लिए परिजनों ने पारस अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में कर्मियों ने कहा कि रविवार होने की वजह से डॉक्टर आज नहीं आयेंगे, हमलोग इसका इलाज करते हैं, कल डॉक्टर देखेंगे। परिजनों ने आरोप लगाया कि जब हमलोगों ने कहा कि डॉक्टर नहीं हैं तो हमें छोड़ दीजिये, हम बच्चे का इलाज किसी अन्य अस्पताल में करवा लेंगे तो इन लोगों ने झूठा आश्वासन दिया और उसे नहीं छोड़ा और न ही सही से इलाज किया।

परिजनों ने कहा कि आज जब बच्चे की जान चली गई तब करीब 4 बजे उसका शव हमलोगों को दिया और कहा कि हम बचा नहीं सके। इसके साथ ही परिजनों ने कहा कि घटना की सूचना पुलिस को दिये जाने के बावजूद आरोपी को पुलिस ने कुछ नहीं कहा क्योंकि आरोपी का पिता भी दारोगा है। उसने यहां अस्पताल में भी डॉक्टरों को घूस दे कर मेरे बच्चे की जान ले ली। परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में वेंदिलेटर पर रख कर सिर्फ पैसे वसूले जबकि उसका इलाज सही से नहीं किया और अब बच्चे की जान चली गई। वहीं परिजनों ने किशोर का किडनी निकाले जाने का भी आरोप अस्पताल के डॉक्टरों पर लगाया।

हंगामा कर रहे परिजनों ने अस्पताल परिसर में काफी तोड़फोड़ की और सड़क जाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने कई गमले फेंक दिया और वहां खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुँचाया। मामले की जानकारी मिलने के बाद कई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत करवाने की कोशिश में जुट गई।

  

Related Articles

Post a comment