सशक्त स्थायी समिति के चुनाव में चार निर्विरोध निर्वाचित, दो वोट के अंतर से जीते सपन घोष
- by Manjesh Kumar
- 29-May-2026
- Views
पूर्णिया: समाहरणालय सभागार में पूर्णिया नगर निगम की ‘सशक्त स्थायी समिति’ के गठन के मद्देनजर घंटों चुनावी प्रक्रिया चली। हाई-वोल्टेज ड्रामे के उपरांत इसका फैसला हुआ। विकास और वित्तीय फैसलों की धुरी मानी जाने वाली सात सदस्यीय समिति में एक भी नये चेहरे को जगह नहीं मिली है। सभी पुराने सदस्यों ने दुबारा जीत दर्ज कर अपनी मजबूत पकड़ बनाई। कुल सात सीटों में से चार पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ। तय समय सीमा तक अन्य उम्मीदवारों के नामांकन नहीं आने के बाद निर्वाची पदाधिकारी ने आशा महतो, कमली देवी, मुर्शीदा खातून और प्रदीप जायसवाल को निर्विरोध विजेता घोषित कर दिया। जबकि अन्य तीन सीटों के लिए गुप्त मतदान हुआ।
इस दौरान पार्षदों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। सबसे रोमांचक लड़ाई वार्ड 09 में हुई, जहां सपन घोष ने वार्ड 12 के पार्षद भोला कुशवाहा को महज दो वोटों के अंतर से हराया। सपन घोष को 23 जबकि भोला कुशवाहा को 21 मत मिले। इस दौरान दो वोट रद्द भी घोषित किए गए। वार्ड 11 में ममता सिंह ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अर्जुन सिंह को 33 11 से शिकस्त दी। यहां भी दो वोट अमान्य पाए गए। वहीं वार्ड 19 में हुए त्रिकोणीय मुकाबले में कुमारी खुशबू ने 21 मत हासिल कर जीत दर्ज की। निकटतम प्रतिद्वंद्वी कल्याणी राय को 15 और बबलू सहाय को 7 वोट मिले। सभी पुराने चेहरों की वापसी को महापौर गुट की बड़ी जीत माना जा रहा है।
नगर निगम के जानकारों का कहना है कि अनुभवी सदस्यों के दोबारा चुने जाने से विकास योजनाओं, बजट आवंटन और टेंडर प्रक्रिया में तेजी आएगी। चुनाव परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने समाहरणालय परिसर के बाहर अबीर गुलाल उड़ाकर और मिठाइयां बांटकर विजयी पार्षदों का जोरदार स्वागत किया।


Post a comment