विज्ञान में हर समस्या का समाधान; चीजों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखने का आयुक्त कुमार रवि ने किया आह्वान।।



पटना:-आयुक्त, पटना प्रमंडल, पटना-सह-अध्यक्ष, विद्यालय प्रबंधन समिति, केन्द्रीय विद्यालय, क्रमांक-1, कंकड़बाग, पटना श्री कुमार रवि ने कहा है कि विज्ञान में हर समस्या का समाधान है। वैज्ञानिक आविष्कारों एवं खोजों ने हमारे जीवन में आमूल-चूल परिवर्तन लाया है। वे आज केन्द्रीय विद्यालय, क्रमांक-1, कंकड़बाग में दो-दिवसीय राज्य-स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी, 2023-24 के शुभारंभ के पश्चात विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्तियों को संबोधित कर रहे थे। आयुक्त श्री रवि ने कहा कि हमारे सभ्यता-संस्कृति के विकास में विज्ञान की महत्वपूर्ण भूमिका है। कई पुरानी बीमारियां जैसे हैजा, कालाजार एवं घटनाएं जैसे अकाल अब इतिहास का भाग बन चुकी है। आज के समय में सरकार नागरिकों के लिए जो खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है उसमें विज्ञान तथा तकनीकों पर आधारित हरित क्रांति एवं श्वेत क्रांति ने अहम योगदान दिया है। आयुक्त रवि ने कहा कि बिहार सरकार द्वारा डॉ. ए.पी.जे अब्दुल कलाम साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है। भवन निर्माण विभाग इसे बना रहा है। शीघ्र ही यह पूरा हो जाएगा एवं छात्र-छात्राओं को विज्ञान के क्षेत्र में नए अवसर प्राप्त होंगे। आपको  यहाँ नई चीजें देखने को मिलेंगी तथा विज्ञान को नए स्वरूप में आप अनुभव कर पाएंगे। 


बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में पटना संभाग के लगभग 49 केन्द्रीय विद्यालयों के 255 प्रतिभागी कृषि, स्वास्थ्य, यातायात, संचार, पर्यावरण सुरक्षा, संगणकीय चिंतन जैसे विषयों पर अपने मॉडल और प्रस्तुति विवरण के साथ भाग ले रहे हैं। आयुक्त श्री रवि ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से रू-ब-रू हुए। उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शनी पर हर्ष व्यक्त करते हुए छात्र-छात्राओं को आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।


आयुक्त श्री रवि ने कहा कि आप सभी यूथ आयकॉन हैं। विद्यार्थियों को प्रश्न पूछने में किसी तरह की झिझक नहीं होनी चाहिए। इससे आपमें वैज्ञानिक समझ का विकास होगा तथा आपको समस्याओं के समाधान की ओर ले जाएगा।


आयुक्त श्री रवि ने कहा कि आज का दिन बहुत अच्छा है। आज ही के दिन 22 दिसम्बर को महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन का जन्म हुआ था। उनके जन्मदिन को हर साल राष्ट्रीय गणित दिवस के रूप में मनाया जाता है। 


आयुक्त श्री रवि ने कहा कि वैज्ञानिक चीजों को जोड़कर देखते है एवं समस्याओं का हल खोजते है। अपनी बुद्धि, विवेक और विज्ञान के बल पर आज मानव जीवन अन्य सभी जीवनों से काफी ऊँचे स्तर पर पहुँची है। इसका एकमात्र कारण है कि मानव जीवन हमेशा नई खोज में लगा रहता है। दुनिया में जो भी समस्याएं है उसका समाधान विज्ञान में है। मानव सभ्यता के क्रमिक विकास में विज्ञान का योगदान अतुलनीय है। गौतम बुद्ध ने भी कहा था कि दुनिया में कष्ट है एवं कष्टों का निवारण है। 


इससे पूर्व आयुक्त श्री रवि; प्रभारी उपायुक्त, केन्द्रीय विद्यालय संगठन, पटना संभाग श्रीमती सोमा घोष, विद्यालय के प्राचार्य श्री एम.पी. सिंह एवं अन्य द्वारा दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभांरभ किया गया। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक अभिरूचि उत्पन्न करने, वैज्ञानिक ज्ञान और अनुभव के विस्तार के लिए केन्द्रीय विद्यालय संगठन, पटना संभाग के तत्वाधान में आयोजित इस बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में प्राचार्य द्वारा सभी अतिथियों का हरित पादप और शॉल से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक राजस्थानी नृत्य तथा काव्य पाठ प्रस्तुत किया गया। इससे पूर्व आयुक्त श्री रवि द्वारा विद्यालय परिसर में नए उत्कृष्ट पेयजल सुविधा का फीता काटकर उद्घाटन किया गया।


 केन्द्रीय विद्यालय संगठन के दिशा निदेशों के अनुसार विद्यार्थियों मे वैज्ञानिक चेतना जागृत करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। प्रदर्शनी में बच्चों के द्वारा निर्मित समाज के लिए विज्ञान और तकनीकी से संबंधित विभिन्न मॉडल प्रस्तुत किए जा रहे है जिनका स्वतंत्र निर्णायक मंडल द्वारा सूक्ष्म अवलोकन और मूल्यांकन किया जाएगा।


कार्यक्रम की संरक्षक प्रभारी उपायुक्त, केन्द्रीय विद्यालय संगठन, पटना संभाग श्रीमती सोमा घोष ने  बताया कि यह विज्ञान प्रदर्शनी राष्ट्रीय शिक्षा नीति के दिशा निदेश और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का परिणाम है। प्राचार्य श्री एम.पी. सिंह ने विज्ञान के क्षेत्र में विशिष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का परिचय देते हुए बताया कि बाल विज्ञान प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ाने में सहायता मिलती है। यही विद्यार्थी देश के भविष्य हैं। इनकी सोच और क्षमता हमारे देश की वैज्ञानिक आत्मनिर्भरता को प्रतिष्ठित करेगी।


गौरतलब है कि इस प्रदर्शनी से 15 सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों को अप्रैल 2024, में भुवनेश्वर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय विज्ञान प्रदर्शनी में भाग लेने का मौका मिलेगा।


आयुक्त श्री रवि ने कहा कि सरकार द्वारा राज्य में छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण के विकास के लिए सभी प्रकार की सहायता उपलब्ध करायी जा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाले समय में आप सभी हर क्षेत्र में सफलता की सबसे अधिक ऊँचाइयों को छुएंगे।

  

Related Articles

Post a comment